IND vs ENG: बार फिर बुमराह और जो रूट के बीच देखने को मिली प्रतिस्पर्धा

0

लीड्स: भारत के अनुभवी तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और इंग्लैंड के बल्लेबाज जो रूट के बीच एक बार फिर प्रतिस्पर्धा देखने मिली। रूट के लिए बुमराह का सामना करना आसान नहीं होता और लीड्स के दूसरे दिन ऐसा फिर देखने मिला। दिन के खेल की समाप्ति से पहले बुमराह ने रूट को अपना शिकार बनाया और इंग्लैंड को तीसरा झटका दिया। रूट पहली पारी में 58 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 28 रन बनाकर आउट हुए।

भारत की पहली पारी 471 रन पर ऑलआउट हुई थी। इंग्लैंड ने ओली पोप के शतक और बेन डकेट के अर्धशतक की मदद से स्टंप्स तक पहली पारी में तीन विकेट पर 209 रन बनाए हैं। इंग्लैंड की टीम अभी भारत से 262 रन पीछे चल रही है। भारत ने अच्छी शुरुआत की थी और जैक क्रावली को सस्ते में आउट किया था जो चार रन बनाकर आउट हुए थे। इसके बाद पोप और डकेट ने दूसरे विकेट के लिए 122 रन जोड़े और टीम को संभाला। बुमराह ने फिर डकेट को बोल्ड किया जो 62 रन बनाकर आउट हुए। अंत में बुमराह ने जो रूट का भी विकेट लिया। बुमराह की गेंद पर रूट स्लिप में करुण नायर को कैच थमा बैठे। रूट भारत के लिए बड़ा खतरा बन सकते थे, लेकिन इससे पहले ही बुमराह ने उन्हें पवेलियन की राह दिखाई।

बुमराह इसके साथ ही टेस्ट क्रिकेट में रूट को सर्वाधिक बार आउट करने वाले संयुक्त रूप से दूसरे गेंदबाज बन गए हैं। लाल गेंद के प्रारूप में 25 पारियों में 10 बार बुमराह ने रूट को अपना शिकार बनाया है, जबकि ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड ने भी 31 पारियों में रूट को इतनी ही बार आउट किया है। टेस्ट में रूट को सबसे ज्यादा बार आउट करने का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस के नाम है जिन्होंने 31 पारियों में 11 बार इस इंग्लिश बल्लेबाज को पवेलियन की राह दिखाई है।

बुमराह और रूट के बीच टेस्ट क्रिकेट में रोचक जंग देखने मिलती है। दोनों के बीच लाल गेंद के प्रारूप में प्रतिद्वंद्विता कड़ी रहती है, लेकिन बुमराह कई बार रूट को अपना शिकार बनाने में सफल रहे हैं। रूट और बुमराह के बीच टेस्ट में आमने-सामने की बात करें तो 25 पारियों में बुमराह ने रूट को 570 गेंदें खिलाई हैं जिसमें रूट ने 29 के औसत से 290 रन बनाए हैं, जबकि वह 10 बार इस भारतीय तेज गेंदबाज की गेंद पर पवेलियन लौटे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here