मध्य प्रदेश क्रिकेट लीग 2025: माधव और कमल ने धमाकेदार बल्लेबाजी कर भोपाल लेपर्ड्स को फाइनल में पहुंचा

0
  • जमकर लड़ा भोपाल लेपर्ड्स, रीवा जैगुआर को 3 विकेट से हराकर भोपाल लेपर्ड्स फाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बनी

भोपाल (एनएसटी न्यूज)। मैन ऑफ द मैच माधव तिवारी के नाबाद 65 रन और उप कप्तान कमल त्रिपाठी के नाबाद 40 रनों की मदद से भोपाल लेपर्ड्स ने रीवा जैगुआर को तीन विकेट से पराजित कर मध्य प्रदेश क्रिकेट लीग (MPL) 2025 के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। जहां उसका मुकाबला चंबल घड़ियाल और ग्वालियर चितास के बीच खेले जा रहे दूसरे सेमीफाइनल की विजेता टीम से होगा। अप-डाउन होते मैच में माधव और कमल ने गजब की बल्लेबाजी कर दर्शकों का जमकर मनोरंजन किया। भोपाल लेपर्ड्स की रोमांचक जीत पर फ्रेंचाइज़ी ओनर अभिषेक मोहन गुप्ता, हेड कोच संजय पाण्डे, मेंटोर बृजेश तोमर एवं समस्त टीम स्टाफ ने टीम को बधाई दी है।

ग्वालियर के श्रीमंत माधवराव अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे मुकाबले में आज टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करते हुए रीवा जैगुआर ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 176 रन बनाए। उसकी ओर से पृथ्वीराज सिंह तोमर ने तीन छक्के और चार चौकों की मदद से 52 रन, चंचल राठौर ने 37, हिमांशु मंत्री ने 22 और मुकुल राघव ने 24 रनों का योगदान दिया। भोपाल लेपर्ड्स की ओर से गेंदबाजी करते हुए गौतम रघुवंशी ने दो, कप्तान अरशद खान रोहन, शिवांग, कमल त्रिपाठी ने क्रमशः एक-एक विकेट लिया।

जवाब में भोपाल लेपर्ड्स ने 7 विकेट खोकर 18.5 ओवर में 180 रन बनाकर विजयी लक्ष्य प्राप्त कर फाइनल में प्रवेश किया। टूर्नामेंट के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में आज भोपाल की शुरुआत खराब रही लेकिन उसके बाद धैर्यपूर्व बल्लेबाजी करते हुए माधव तिवारी और कमल त्रिपाठी ने नाबाद रहते हुए मैच को विजय लक्ष्य की ओर ले गए। माधव तिवारी ने पांच छक्के और चार चौकों की मदद से शानदार 65 रन और उप कप्तान कमल त्रिपाठी ने पांच छक्के और एक चौके की मदद से 40 रन बनाकर अपनी टीम के लिए बड़ा योगदान दिया। इसके अलावा हर्ष दीक्षित ने भी 29 रनों की पारी खेली। उन्होंने भी तीन छक्के लगाए। रीवा की ओर से गेंदबाजी करते हुए कुमार कार्तिकेय ने दो, रामवीर, सारांश, शिवम, प्रांजल और सागर ने क्रमशः एक-एक विकेट लिया।

ऐसा रहा टूर्नामेंट में भोपाल लेपर्ड्स का सफर
आज भोपाल ने टूर्नामेंट के पहले सेमीफाइनल में रीवा की मजबूत टीम को तीन विकेट से हराकर खीताबी मुकाबले में प्रवेश किया। इससे पहले भोपाल लेपर्ड्स के छह मैचों में से चार मुकाबले बारिश में धुल गए थे जबकि एक मैच में उसे विजय और एक में हार मिली थी। इस तरह भोपाल लेपर्ड्स ने छह अंक के साथ चौथे स्थान पर रहकर सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई किया था। जहां उसने आज रीवा को धो डाला।

सेमीफाइनल में लड़कर जीते हैं फाइनल में भी लड़ेंगे: संजय पाण्डे
टीम के हेड कोच संजय पांडे और मेंटोर बृजेश तोमर (ओमी) एवं समस्त टीम स्टाफ ने पूरी टीम को इस जीत पर बधाई दी है। कोच संजय पांडे ने बताया कि आज के मैच में माधव तिवारी और कमल त्रिपाठी सहित पूरी टीम ने शानदार क्रिकेट का प्रदर्शन किया है। हमारी टीम पिछले कुछ मैचों में वर्षा की मार झेल रही थी लेकिन आज हमारे खिलाड़ियों ने मैदान में लड़कर वह सारी कमियां पूरी कर दी है। भोपाल लेपर्ड्स के लड़ाके फाइनल में भी पूरे जोश के साथ खिताब जीतने के लिए 24 जून को मैदान में उतरेंगे। संजय पाण्डे ने कहा हम पूरे टूर्नामेंट में लड़े हैं और फाइनल में भी पूरे जोश के साथ जीतेंगे और पंजा जीत का अपने स्लोगन को सही साबित करेंगे।

भोपाल लेपर्ड्स ने भोपाल का सम्मान बढ़ाया : अभिषेक मोहन गुप्ता
भोपाल लेपर्ड्स के फ्रेंचाइज़ी ओनर अभिषेक मोहन गुप्ता ने कहा कि भोपाल लेपर्ड्स ने आज का मैच जीतकर पूरे भोपाल का सम्मान बढ़ाया है। यह हमारा लगातार दूसरा फाइनल है, जो हमारी टीम की निरंतरता और प्रतिबद्धता को दर्शाता है। पूरे टूर्नामेंट में बारिश के कारण केवल दो ही मैच खेल पाए, लेकिन टीम मानसिक रूप से बेहद मजबूत रही। इस जज़्बे, धैर्य और समर्पण के लिए मैं कोचिंग स्टाफ को दिल से धन्यवाद देना चाहता हूँ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here