नीरज चोपड़ा ने एनसी क्लासिक देखने के इच्छुक एक प्रशंसक को दिया खास तोहफा

0

नई दिल्ली: भारतीय भालाफेंक स्टार नीरज चोपड़ा ने शुक्रवार को बड़ा दिल दिखाते हुए एक प्रशंसक की यात्रा का पूरा खर्च उठाने का फैसला लिया है। दरअसल, एक प्रशंसक ने बुधवार को सोशल मीडिया पर पहला एनसी क्लासिक टूर्नामेंट देखने की इच्छा जताते हुए 2000 रूपये देने का अनुरोध किया था। जवाब में गोल्डन ब्वॉय नीरज चोपड़ा ने खुद उनकी बेंगलुरू यात्रा का पूरा खर्च उठाने का वादा किया। दो बार के ओलंपिक पदक विजेता चोपड़ा ने प्रशंसक को पूरा वीवीआईपी अनुभव देने का वादा किया जिसमें पांच जुलाई को होने वाली स्पर्धा के लिये बंगलुरू में रहने का बंदोबस्त भी शामिल है।

तमिलनाडु के कोयंबटूर के भालाफेंक प्रशंसक रंजीत कुमार रविचंद्रन ने सोशल मीडिया पर ट्वीट करके कहा था कि वह भारत में नीरज चोपड़ा के नाम पर होने वाला यह टूर्नामेंट देखना चाहते हैं। उन्होंने लिखा था, ‘कोई मुझे 2000 रूपये दे सकता है ताकि मैं कोयंबटूर से जाकर यह देख सकूं।’ चोपड़ा ने जवाब में लिखा, ‘हैलो रंजीत। तुम्हें बंगलुरू में पूरा वीवीआईपी अनुभव मिलेगा क्योंकि एनसी क्लासिक देखने के लिये इस यात्रा का खर्च मैं उठाऊंगा। रेडिसन होटल को धन्यवाद क्योंकि तुम मुझसे 90 मीटर की दूरी पर रहोगे। मिलते हैं।’

यह टूर्नामेंट 24 मई को होना था लेकिन भारत-पाकिस्तान तनाव के कारण स्थगित कर दिया गया। चोपड़ा और जेएसडब्ल्यू स्पोटर्स मिलकर इसका आयोजन कर रहे हैं और भारतीय एथलेटिक्स महासंघ से इसे मान्यता मिली है। इसमें सात शीर्ष अंतरराष्ट्रीय भालाफेंक खिलाड़ी और पांच भारतीय खिलाड़ी भाग लेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here