नई दिल्ली : भारतीय टीम के उपकप्तान ऋषभ पंत ने बुधवार को ड्यूक बॉल की आलोचना की। विकेटकीपर बल्लेबाज ने कहा कि उन्होंने लाल गेंद को इस हद तक बिगड़ते कभी नहीं देखा। पंत से पहले कप्तान शुभमन गिल ने भी इंग्लैंड के खिलाफ जारी टेस्ट सीरीज में इस्तेमाल की जा रही ड्यूक बॉल की गुणवत्ता की आलोचना की थी।
लॉर्ड्स टेस्ट से पहले पंत ने ड्यूक बॉल के उपयोग पर बात की और माना कि क्रिकेट के लिए यह अच्छा नहीं है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा- ‘गेंदों को मापने का गेज (चाहे ड्यूक हो या कूकाबुरा) एक जैसा होना चाहिए। लेकिन अगर यह छोटा होता तो बेहतर होता (हंसते हुए)। गेंदें बहुत परेशानी दे रही हैं। निश्चित रूप से मुझे लगता है कि यह एक बड़ी समस्या है क्योंकि गेंद का आकार बिगड़ रहा है। गेंद का आकार बहुत अधिक बिगड़ रहा है। मेरे साथ ऐसा पहले कभी नहीं हुआ। यह खिलाड़ियों के लिए निश्चित रूप से परेशान करने वाला है क्योंकि हर गेंद अलग तरह से खेलती है। जब यह नरम हो जाती है तो कभी-कभी मूवमेंट नहीं मिलती। लेकिन जैसे ही गेंद बदलती है तो पर्याप्त मदद मिलने लगती है। एक बल्लेबाज के तौर पर आपको इसके साथ तालमेल बैठाते रहना होता है। लेकिन साथ ही मुझे लगता है कि यह क्रिकेट के लिए वैसे भी अच्छा नहीं है।’
ड्यूक बॉल का आकार बिगड़ रहा है जिससे इस सीरीज में खिलाड़ी नियमित रूप से अंपायरों के पास जाकर गेंद को बदलने की मांग कर रहे हैं। गेंद के नरम होने के बाद गेंदबाजों को इससे कोई मदद नहीं मिल रही जिससे बल्लेबाज-गेंदबाज मुकाबला मुख्य रूप से नई गेंद तक ही सीमित रह गया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार लार्ड्स में शुरू हो रहे टेस्ट से पहले पंत ने कहा कि गेंद एक बड़ी समस्या बन गई है और यह खेल के लिए अच्छी नहीं है।
इस दौरान पंत ने लॉर्ड्स की पिच को लेकर भी बात की। उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात की चिंता नहीं है कि सतह कैसा व्यवहार करेगी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बाएं हाथ के बल्लेबाज ने कहा, ‘हमें जो भी परिस्थिति दी जाए हमें उससे कोई दिक्कत नहीं है। हम इस बारे में नहीं सोचना चाहते कि विरोधी टीम क्या सोच रही है। क्या वे अपनी योजना बदल रहे हैं या नहीं?
पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का तीसरा मुकाबला गुरुवार (10 जुलाई) से शुरू हो रहा। भारत के खिलाफ मैच के लिए इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने प्लेइंग 11 का एलान कर दिया है जिसमें जोफ्रा आर्चर की वापसी हुई है। पंत ने मैच की पूर्व संध्या पर चार साल से अधिक समय बाद इंग्लैंड की टेस्ट टीम में वापसी कर रहे आर्चर पर भी बात की। उन्होंने कहा- मैं उनके (आर्चर) के लिए खुश हूं।


