विंबलडन टूर्नामेंट में फिल्म और खेल जगत के कई सितारों ने लगाया ग्लैमर का तड़का

0

लंदन: सबसे बड़ा ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंट विंबलडन धीरे-धीरे अपने अंजाम तक पहुंचने जा रहा है। पुरुष और महिला एकल के सेमीफाइनल मुकाबलों की आज से शुरुआत हो जाएगी। इस टूर्नामेंट में फिल्म और खेल जगत के कई सितारों ने ग्लैमर का तड़का लगाया। एंड्रयू गारफिल्ड और टॉम हॉलैंड से लेकर ब्रायन लारा और विराट कोहली तक इस टूर्नामेंट में शिरकत कर चुके हैं। अब बुधवार को भारत के दो और स्टार क्रिकेटर्स विंबलडन का मुकाबला देखने पहुंचे। भारत के टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव पत्नी देविशा के साथ विंबलडन मैच देखने पहुंचे, जबकि जसप्रीत बुमराह ने भी पत्नी संजना के साथ विंबलडन का मैच देखा। इन दोनों की तस्वीरें विंबलडन ने सोशल मीडिया पर साझा की हैं।

सूर्यकुमार हर्निया की सर्जरी के लिए यूरोप गए थे। जर्मनी में उनकी सर्जरी हुई थी। इसके बाद वह पत्नी के साथ क्रिकेट से ब्रेक का आनंद ले रहे हैं। इसी कड़ी में वह इंग्लैंड पहुंचे। वहीं, बुमराह भारतीय टीम के साथ इंग्लैंड दौरे पर हैं। विंबलडन ने सूर्यकुमार और बुमराह का आभार भी जताया है।

अब तक क्रिकेट जगत से कुल 11 सितारे विंबलडन 2025 के मुकाबले देखने पहुंच चुके हैं। इससे पहले क्रिकेट जगत से दीपक चाहर पत्नी जया भारद्वाज के साथ विंबलडन देखने पहुंचे थे। वहीं, विराट कोहली ने भी पत्नी अनुष्का के साथ विंबलडन का मुकाबला देखा था। वहीं, इंग्लैंड के सुपरस्टार जो रूट भी पत्नी कैरी कॉटरेल और जेम्स एंडरसन पत्नी डैनिएला लॉयड के साथ विंबलडन देखने पहुंचे थे। वहीं, महान ब्रायन लारा भी इसमें हाजिरी लगा चुके हैं। इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स भी भारत और इंग्लैंड के बीच जारी टेस्ट सीरीज से समय निकालकर विबंलडन का लुत्फ उठाने पहुंचे। उनके साथ उनकी पत्नी क्लेयर रैटक्लिफ भी नजर आईं। भारतीय टीम के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत भी विंबलडन मैच देखने पहुंचे। इस दौरान वह सूट-बूट में नजर आए।

भारत के पूर्व मुख्य कोच और कमेंटेटर रवि शास्त्री भी विंबलडन में मौजूद थे। विंबलडन टूर्नामेंट में फिल्म और खेल जगत के कई सितारों ने लगाया ग्लैमर का तड़का उन्होंने सेंटर कोर्ट से एक सेल्फी पोस्ट की। उन्होंने ‘टेनिस के घर’ में वापस आने पर अपनी खुशी व्यक्त की और अल्काराज बनाम नॉरी मुकाबले का लुत्फ उठाया। इसके अलावा भारतीय क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे ने भी विंबलडन 2025 में शिरकत की। उन्होंने अपनी यात्रा की तस्वीरें साझा कीं। वह फिलहाल क्रिकेट से ब्रेक का आनंद ले रहे हैं और इस प्रतिष्ठित टेनिस टूर्नामेंट में पहुंचकर उन्होंने उसका लुत्फ उठाया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here