लंदन. लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर भारत और इंग्लैंड के बीच चल रहे रोमांचक टेस्ट मैच का फैसला अब अंतिम दिन होगा। भारत को जीत के लिए 135 रनों की जरूरत है और उसके छह विकेट बाकी हैं। ऐसे में मुकाबला बेहद रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुका है। चौथे दिन भारत की वापसी के हीरो रहे स्पिनर वॉशिंगटन सुंदर ने भरोसा जताया कि टीम इंडिया इस मैच को जीत सकती है। उन्होंने कहा कि ड्रेसिंग रूम में अभी भी ऐसे बल्लेबाज मौजूद हैं जो मैच का रुख बदल सकते हैं। लॉर्ड्स में टेस्ट जीतना बेहद खास होगा।
सुंदर ने चौथे दिन इंग्लैंड की दूसरी पारी में शानदार गेंदबाजी करते हुए 22 रन देकर 4 विकेट चटकाए। उनके शिकार में इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज़ जो रूट, बेन स्टोक्स और जेमी स्मिथ शामिल रहे। सुंदर का यह प्रदर्शन विदेशी ज़मीन पर किसी भारतीय स्पिनर के लिए बीते 40 वर्षों में दूसरा सर्वश्रेष्ठ आंकड़ा है।
उन्होंने आगे कहा कि यह मेरे करियर के बेहतरीन दिनों में से एक था। मैंने इस मैच के लिए कुछ खास योजना बनाई थी और उसे मैदान पर सफलतापूर्वक उतार सका। लॉर्ड्स में पहली बार खेलना और इस तरह का प्रदर्शन करना मेरे आत्मविश्वास को बढ़ाता है।
भारत की बल्लेबाजी की बात करें तो केएल राहुल 33 रन पर नाबाद हैं और उनके साथ ऋषभ पंत, रविंद्र जडेजा, नीतीश रेड्डी और वॉशिंगटन सुंदर जैसे बल्लेबाज भी बाकी हैं। इंग्लैंड की नजर राहुल और पंत पर है। इंग्लैंड के सहायक कोच मार्कस ट्रेसकॉथिक ने कहा कि राहुल इस मैच में अब तक बेहतरीन खेल दिखा चुके हैं। उन्होंने पहली पारी में शतक लगाया और अब भी क्रीज पर टिके हैं। हमें उम्मीद है कि हम उन्हें जल्दी आउट कर पाएंगे।
सबकी निगाहें पांचवें दिन पर
अब सबकी निगाहें पांचवें और अंतिम दिन पर हैं। इस दिन तय होगा कि सीरीज़ में कौन सी टीम 1-0 की बढ़त के साथ मैनचेस्टर जाएगी। वॉशिंगटन सुंदर ने साफ किया कि टीम इंडिया किसी नई रणनीति के बजाय सकारात्मक सोच के साथ मैदान पर उतरेगी। अगर मौसम साफ रहा और बल्लेबाजों ने संयम दिखाया तो भारत के पास लॉर्ड्स में ऐतिहासिक जीत का सुनहरा मौका है।

