भोपाल. उम्र सिर्फ एक संख्या होती है, यह बात इंदौर के 70 वर्षीय एथलीट जगराम जाट ने एक बार फिर साबित कर दी है। श्रीलंका में आयोजित एनुअल मास्टर एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 में उन्होंने भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए शानदार प्रदर्शन किया और दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए। यह प्रतियोगिता श्रीलंका के कोलंबो में आयोजित हुई थी, जिसमें विभिन्न देशों के वरिष्ठ एथलीटों ने भाग लिया। जगराम जाट ने हाई जंप में 1.30 मीटर की ऊंचाई पार करते हुए पहला स्थान हासिल किया। इसके अलावा उन्होंने लान्ग जंप में 4.07 मीटर की लंबी छलांग लगाकर भी स्वर्ण पदक जीता।
उनकी यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि उन्होंने 70 वर्ष की आयु में यह मुकाम हासिल किया है, जो युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा बन गया है। जगराम जाट ने न केवल अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया बल्कि यह भी दिखा दिया कि नियमित अभ्यास, अनुशासन और आत्मविश्वास से किसी भी उम्र में असंभव को संभव बनाया जा सकता है।
जाट इंदौर के निवासी हैं और वर्षों से एथलेटिक्स से जुड़े हैं। वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई प्रतियोगिताओं में भाग ले चुके हैं। उनकी इस उपलब्धि पर इंदौर सहित पूरे मध्यप्रदेश में खुशी की लहर है। खेल विभाग और स्थानीय नागरिकों ने उन्हें बधाई दी और उनके समर्पण की सराहना की।
जगराम जाट ने स्वदेश लौटने के बाद नेशनल स्पोर्ट्स टाइम्स को बताया कि मैं चाहता हूं कि भारत के वरिष्ठ नागरिक भी फिट रहें और खेलों में भाग लें। मेरी जीत उनके लिए एक प्रेरणा हो सकती है। देश का तिरंगा ऊंचा करना मेरे लिए सबसे बड़ा गर्व है।

