लॉर्ड्स में भारत को हराकर भी इंग्लैंड को नहीं मिला फायदा, WTC रैंकिंग में गिरावट

0

नई दिल्ली: इंग्लैंड को भारत के खिलाफ लॉर्ड्स टेस्ट मैच में भले ही रोमांचक जीत मिली हो, लेकिन इस जीत के बावजूद बेन स्टोक्स की अगुवाई वाली टीम को विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025 की अंक तालिका में बड़ा झटका लगा है। मैच जीतने के बावजूद इंग्लैंड की टीम WTC पॉइंट्स टेबल में नीचे खिसक गई, ऐसे में लॉर्ड्स की जीत उनके लिए अंक तालिका में कोई खास फायदा नहीं ला पाई। दरअसल, आईसीसी (इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल) ने धीमी ओवर गति (Slow Over Rate) के चलते इंग्लैंड के दो अंक काटे हैं और खिलाड़ियों पर मैच फीस का 10% जुर्माना भी लगाया है।

ICC की सख्ती: दो अलग-अलग नियमों में कार्रवाई

विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में अंक कटौती: इंग्लैंड पर यह अंक कटौती आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के अनुच्छेद 16.11.2 के तहत की गई है। इस नियम के अनुसार, यदि कोई टीम निर्धारित समय में ओवर पूरे नहीं कर पाती है, तो प्रत्येक अधूरे ओवर पर एक अंक काटा जाता है। लॉर्ड्स टेस्ट में समय सीमा को ध्यान में रखने के बावजूद इंग्लैंड ने तय ओवर पूरे नहीं किए, जिसके चलते उसके 2 अंक काटे गए।

मैच फीस में 10% कटौती: इसके अतिरिक्त, इंग्लैंड के खिलाड़ियों को आईसीसी आचार संहिता (ICC Code of Conduct) के अनुच्छेद 2.22 के तहत दंडित किया गया है। इस नियम के अनुसार, निर्धारित समय में ओवर पूरे न करने पर हर अधूरे ओवर के लिए 5% मैच फीस काटी जाती है। लॉर्ड्स टेस्ट में इंग्लैंड ने तय समय के भीतर 2 ओवर कम फेंके। इस कारण टीम पर कुल 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया।

इंग्लैंड अंक तालिका में तीसरे स्थान पर खिसक गया

इस पेनल्टी के चलते इंग्लैंड को विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025 की अंक तालिका में बड़ा नुकसान झेलना पड़ा है। जीत के बावजूद इंग्लैंड के अंकों में कटौती की गई, जिसके बाद उसका कुल स्कोर 24 से घटकर 22 अंक रह गया है। कुल 36 संभावित अंकों में से अब उसका अंक प्रतिशत (पर्सेंटाइल) 66.67% से घटकर 61.11% हो गया है। इस गिरावट के चलते इंग्लैंड अंक तालिका में दूसरे से तीसरे स्थान पर खिसक गया है। श्रीलंका अब इंग्लैंड से ऊपर दूसरे स्थान पर पहुंच गया है।

बेन स्टोक्स ने मान ली उल्लंघन की गलती

इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने ओवर रेट नियम के उल्लंघन की जिम्मेदारी लेते हुए अपनी गलती स्वीकार की है। उन्होंने मैच रेफरी रिची रिचर्डसन द्वारा लगाए गए दंड को बिना किसी आपत्ति के स्वीकार कर लिया। स्टोक्स के इस रवैये को खेल भावना का उदाहरण माना जा रहा है, हालांकि इस पेनल्टी के चलते इंग्लैंड को विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में नुकसान उठाना पड़ा है। उनकी स्वीकारोक्ति से यह स्पष्ट हो गया कि टीम को आगे ऐसी गलतियों से बचना होगा, ताकि भविष्य में कीमती अंक न गंवाने पड़ें। ऐसे में मामले में औपचारिक सुनवाई की आवश्यकता नहीं पड़ी। यह आरोप मैच के ऑन-फील्ड अंपायर पॉल रीफेल और शारफुद्दौला इब्ने शाहिद, तीसरे अंपायर अहसान रजा और चौथे अंपायर ग्राहम लॉयड द्वारा लगाए गए थे।

16 जुलाई 2025 की दोपहर 12:00 बजे तक अपडेट
क्रम टीम मैच जीत हार ड्रॉ अंक कटे कुल अंक पर्सेंटाइल
1 ऑस्ट्रेलिया 3 3 0 0 0 36 100
2 श्रीलंका 2 1 0 1 0 16 66.67
3 इंग्लैंड 3 2 1 0 2 22 61.11
4 भारत 3 1 2 0 0 12 33.33
5 बांग्लादेश 2 0 1 1 0 4 16.67
6 वेस्टइंडीज 3 0 3 0 0 0 00.00
लॉर्ड्स टेस्ट मैच का पूरा सारांश पर एक नजर

लॉर्ड्स में खेला गया तीसरा टेस्ट मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। दोनों टीमों ने पहली पारी में बराबर स्कोर बनाए जिससे मुकाबला पूरी तरह संतुलित रहा। इसके बाद इंग्लैंड ने दूसरी पारी में 192 रन बनाए और भारत को जीत के लिए 193 रन का लक्ष्य मिला। भारत की शीर्ष क्रम की विफलता के बाद ऐसा लगने लगा था कि मुकाबला जल्दी खत्म हो जाएगा, लेकिन रविंद्र जडेजा की अगुआई में निचले क्रम के संघर्ष ने भारत को जीत के बेहद करीब पहुंचा दिया। हालांकि, अंततः इंग्लैंड ने 22 रन से रोमांचक जीत दर्ज की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here