शेड्यूल विवाद ने बढ़ाई टेंशन, रद्द हो सकता है पाकिस्तान का वेस्टइंडीज दौरा

0

नई दिल्ली: पाकिस्तानी क्रिकेट टीम को अगस्त महीने की शुरुआत में वेस्टइंडीज का दौरा करना है, जहां उसे तीन वनडे और तीन टी20 मैचों की सीरीज खेलनी है। यह दौरा दोनों टीमों के लिए आगामी आईसीसी टूर्नामेंट्स की तैयारी के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। इस दौरे को लेकर वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के बीच शेड्यूल को लेकर विवाद देखने को मिल रहा है। टी20 सीरीज के मुकाबले जहां अमेरिका में फ्लोरिडा के लॉडरहिल में खेले जाएंगे तो वहीं वनडे सीरीज के तीन मैच त्रिनिदाद के तारोबा में होंगे। पीसीबी इस दौरे में दोनों सीरीज मिलाकर सिर्फ टी20 सीरीज खेलना चाहता है, लेकिन क्रिकेट वेस्टइंडीज दौरे के शेड्यूल में किसी तरह का बदलाव नहीं करना चाहता है।

क्रिकेट वेस्टइंडीज के सीईओ क्रिस डेहरिंग ने पाकिस्तान के साथ आगामी सीरीज को लेकर चल रहे विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, एक बयान में स्पष्ट रूप से कहा कि वेस्टइंडीज बोर्ड शेड्यूल में किसी भी तरह का बदलाव नहीं करेगा। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि इस मुद्दे पर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के साथ बातचीत जारी है और वे समाधान की दिशा में काम कर रहे हैं। डेहरिंग के इस बयान से साफ है कि वेस्टइंडीज अपने तय कार्यक्रम पर अडिग है, जिससे सीरीज के भविष्य को लेकर स्थिति अभी भी स्पष्ट नहीं हो पाई है। क्रिस डेहरिंग ने आईसीसी वार्षिक सम्मेलन के लिए सिंगापुर जाते समय बताया कि वहां पर दोनों बोर्ड सम्मेलन के दौरान आगे भी विचार-विमर्श इस दौरे के शेड्यूल को लेकर जारी रखेंगे। बता दें कि साल 2026 में टी20 वर्ल्ड कप खेला जाना है, जिसके चलते पाकिस्तान टीम अधिक से अधिक टी20 फॉर्मेट में मैच खेलना चाहती है, जिसके चलते वह इस दौरे के कार्यक्रम में बदलाव करना चाहती है।

साल 2023 में भारत में आयोजित हुए पिछले वनडे वर्ल्ड कप में वेस्टइंडीज की टीम क्वालीफाई करने में नाकाम रही थी। यह वेस्टइंडीज क्रिकेट के इतिहास में एक बेहद निराशाजनक और चौंकाने वाला पल था, क्योंकि यह पहली बार था जब दो बार की वर्ल्ड चैंपियन टीम मुख्य टूर्नामेंट का हिस्सा नहीं बन सकी। इस असफलता ने वेस्टइंडीज क्रिकेट की गिरती स्थिति और उसके ढांचे में मौजूद कमजोरियों को उजागर किया, जिससे टीम और बोर्ड दोनों को कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ा, ऐसे में अब क्रिकेट वेस्टइंडीज की कोशिश 50 ओवर्स फॉर्मेट में बेहतर टीम बनाने की है। इसी के चलते वह अधिक से अधिक वनडे मुकाबले खेलना चाहती है। वेस्टइंडीज और पाकिस्तान के बीच होने वाली टी20 और वनडे सीरीज के मौजूदा शेड्यूल को देखा जाए तो उसमें फ्लोरिडा के लॉडरहिल में 1, 2 और 4 अगस्त को तीन टी20 मुकाबले खेले जाएंगे। इसके बाद त्रिनिदाद के तारोबा में 8, 10 और 12 अगस्त को तीन वनडे मैच दोनों टीमों के बीच होंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here