नई दिल्ली: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार बाएं हाथ की ओपनिंग बल्लेबाज स्मृति मंधाना आज अपना 28वां जन्मदिन मना रही हैं। अपनी शानदार बल्लेबाजी तकनीक और आक्रामक अंदाज़ के लिए मशहूर स्मृति ने बेहद कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी अलग पहचान बनाई है। वह महिला क्रिकेट में भारत की सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में से एक मानी जाती हैं स्मृति मंधाना ने जब इंटरनेशनल क्रिकेट में पहली बार कदम रखा था, तो किसी ने भी उस समय ये उम्मीद नहीं की थी कि वह अपने खेल से वर्ल्ड क्रिकेट में कई नए रिकॉर्ड भी बनाने का काम करेंगी। स्मृति ने अपने बल्ले के दम पर ऐसा प्रदर्शन किया जिससे सभी को उनकी प्रतिभा का एहसास हो गया। बाएं हाथ की ओपनिंग बल्लेबाज स्मृति मंधाना मौजूदा समय में वर्ल्ड क्रिकेट के बेहतरीन प्लेयर्स में से एक हैं। मंधाना अभी महिला वनडे में भारत की तरफ से सबसे ज्यादा शतक लगाने वाली प्लेयर हैं तो वहीं वर्ल्ड क्रिकेट में अभी वह इस मामले में चौथे नंबर पर हैं।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, स्मृति मंधाना अपने शानदार खेल के साथ-साथ कमाई के मामले में भी महिला क्रिकेट की अग्रणी खिलाड़ियों में शुमार हैं। उनकी आय बीसीसीआई सैलरी, WPL कॉन्ट्रैक्ट और ब्रांड एंडोर्समेंट्स से करोड़ों में पहुंच चुकी है। स्मृति मंधाना की कुल नेटवर्थ को लेकर बात की जाए तो उनकी अधिकतर कमाई बीसीसीआई की तरफ से मिले कॉन्ट्रैक्ट और मैच फीस उसके अलावा विमेंस प्रीमियर लीग अनुबंध के तौर पर होती है। इसके अलावा स्मृति मंधाना कुछ ब्रांड्स के लिए विज्ञापन भी करती हैं, जिससे उनकी कमाई में इजाफा होता है। स्मृति मंधाना की कुल नेटवर्थ अलग-अलग सोर्स के हिसाब से करीब 32 से 34 करोड़ रुपए के करीब है। स्मृति को बीसीसीआई की तरफ से A+ ग्रेड में जगह मिली हुई है, जिसमें उन्हें 50 लाख रुपए कॉन्ट्रैक्ट के तौर पर मिलते हैं। विमेंस प्रीमियर लीग में स्मृति मंधाना रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की कप्तान हैं, आरसीबी से उन्हें 3.40 करोड़ रुपए करार के रूप में मिलते हैं।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, अगर इंटरनेशनल क्रिकेट में स्मृति मंधाना के अब तक के करियर की बात की जाए, तो उन्होंने कुल 263 मुकाबले खेले हैं। इनमें उन्होंने 7 टेस्ट, 103 वनडे और 153 टी20 इंटरनेशनल मैचों में हिस्सा लिया है। टेस्ट क्रिकेट में स्मृति ने 629 रन बनाए हैं, जबकि वनडे में उनके नाम 4501 रन और टी20 फॉर्मेट में 3982 रन दर्ज हैं। अपने अब तक के करियर में वह कुल 14 शतक और 65 अर्धशतक लगाने में सफल रही हैं, जो उनकी निरंतरता और बल्लेबाजी कौशल का स्पष्ट प्रमाण हैं।

