पंजाब एफसी ने लियोन ऑगस्टीन के साथ 2027 तक बढ़ाया कॉन्ट्रैक्ट

0

बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर क्लब की भविष्य योजना का हिस्सा बने लियोन

(NST News)मोहाली. पंजाब एफसी ने अपने होनहार खिलाड़ी लियोन ऑगस्टीन के कॉन्ट्रैक्ट को 2027 तक बढ़ा दिया है। क्लब ने यह फैसला आगामी सीजन से पहले लिया है ताकि युवा खिलाड़ियों की मज़बूत टीम तैयार की जा सके। लियोन अब भी मुख्य कोच पैनेजियोटिस डिलेंपरिस की रणनीति में अहम भूमिका निभाएंगे।

26 वर्षीय लियोन ने 2023-24 सीज़न में पंजाब एफसी के लिए खेलना शुरू किया था। पहले सीज़न में उन्होंने सिर्फ चार मैच खेले थे, लेकिन बीते सीज़न में उन्होंने 20 मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने ओडिशा एफसी के खिलाफ एक गोल दागा और कुल 1020 मिनट तक मैदान में सक्रिय रहे।

हेड कोच डिलेंपरिस ने लियोन की तारीफ करते हुए कहा, “लियोन मेहनती और बहुउपयोगी खिलाड़ी हैं। उन्होंने आक्रमण और बचाव दोनों में अहम योगदान दिया है। उनके विकास को देखकर हम काफी उत्साहित हैं और यही कारण है कि हम उन्हें अपनी टीम का अहम हिस्सा बनाए रखना चाहते हैं।”

पिछले सीजन में लियोन ने 279 सफल पास दिए, उनकी पासिंग एक्युरेसी 70% रही। उन्होंने 693 बार गेंद को छुआ, विपक्षी बॉक्स में 15 टच किए, 9 मौके बनाए और दो बार सीधे गोल पर निशाना साधा। चोट के कारण उन्हें कई बार रक्षात्मक भूमिका में भी खेलना पड़ा।

क्लब के टेक्निकल डायरेक्टर निकोलास टोपोलिएटिस ने कहा, “लियोन का अनुबंध विस्तार क्लब के भविष्य निर्माण की दिशा में एक अहम कदम है। वह मेहनती, अनुशासित और संभावनाओं से भरे खिलाड़ी हैं।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here