नई दिल्ली: वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज ब्रायन लारा ने हाल ही में अपनी पसंदीदा GOAT (Greatest of All Time) और LEGENDS खिलाड़ियों की लिस्ट जारी की। इस चयन में उन्होंने अपने क्रिकेट अनुभव और नजरिए के आधार पर उन खिलाड़ियों को जगह दी, जिन्हें वह सबसे बेहतरीन मानते हैं। हालांकि, इस लिस्ट में कुछ चौंकाने वाले फैसले भी देखने को मिले, उन्होंने GOAT की लिस्ट में 4 खिलाड़ियों को शामिल किया जिसमें एक भारतीय प्लेयर को जगह दी तो वहीं उन्होंने LEGENDS की लिस्ट में 5 प्लेयर्स को रखा और इसमें भी उन्होंने एक भारतीय खिलाड़ी को जगह दी।
लारा ने इन चार खिलाड़ियों को माना ‘Greatest of All Time’
हैरानी की बात यह रही कि ब्रायन लारा ने अपनी GOAT और LEGENDS की लिस्ट में सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली और एमएस धोनी जैसे दिग्गज भारतीय खिलाड़ियों को शामिल नहीं किया। उनके इस फैसले ने क्रिकेट प्रशंसकों को हैरान कर दिया, मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, ब्रायन लारा ने बात करते हुए भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की जमकर तारीफ की और उन्हें GOAT करार दिया। लारा ने GOAT खिलाड़ियों की लिस्ट में बुमराह के अलावा ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज ग्लेन मैक्ग्रा, साउथ अफ्रीका के पूर्व ऑलराउंडर जैक कैलिस और ऑस्ट्रेलिया के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज एडम ग्रिलक्रिस्ट को जगह दी।
तेज गेंदबाज शाहीन को मिली लारा की LEGEND कैटेगरी में जगह
लारा ने GOAT खिलाड़ियों के बाद LEGEND खिलाड़ियों की सूची जारी की, जिसमें उन्होंने कुल 5 खिलाड़ियों को जगह दी। इस लिस्ट में उन्होंने रोहित शर्मा को भी रखा। जबकि रोहित के अलावा उन्होंने न्यूजीलैंड के बल्लेबाज केन विलियमसन को भी इस सूची में जगह दी। इसके अलावा उन्होंने वेस्टइंडीज के पूर्व तूफानी बल्लेबाज क्रिस गेल को भी इस लिस्ट में शामिल किया जबकि इंग्लैंड के पूर्व बल्लेबाज केविन पीटरसन साथ ही पाकिस्तान के तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी को भी इसमें जगह दी।

