Asia Cup 2025 पर संकट, BCCI ने ACC मीटिंग से किया किनारा, PCB को झटका

0

नई दिल्ली: एशिया कप 2025 के आयोजन पर इस समय अनिश्चितता के बादल मंडरा रहे हैं। क्योंकि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और कई अन्य सदस्य बोर्डों ने एशियाई क्रिकेट परिषद (ACC) की बैठक का बहिष्कार करने का फैसला किया है। एसीसी की बैठक 24 जुलाई को बांग्लादेश की राजधानी ढाका में होनी है और BCCI ढाका में होने वाले इस बैठक में शामिल नहीं होना चाहता है। ANI के मुताबिक BCCI ने ACC और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी दोनों को आधिकारिक तौर पर सूचित कर दिया है कि अगर यह बैठक ढाका में होती है, तो वह इसमें भाग नहीं लेगा। यह फैसला भारत और बांग्लादेश के बीच तनावपूर्ण राजनीतिक संबंधों के चलते लिया गया है।

ACC बैठक से दूर रहा BCCI, एशिया कप पर संकट गहराया

भारत के अलावा श्रीलंका, ओमान और अफगानिस्तान के क्रिकेट बोर्डों ने भी एशियाई क्रिकेट परिषद (ACC) की बैठक के आयोजन स्थल को लेकर इसी तरह की आपत्तियां जताते हुए भारत का समर्थन किया है। वहीं इन देशों के बढ़ते विरोध के बावजूद एसीसी अध्यक्ष मोहसिन नकवी ढाका में बैठक आयोजित करने पर अड़े हुए हैं। बीसीसीआई ने एसीसी और पीसीबी अध्यक्ष नकवी दोनों को अपना रुख साफ करते हुए बता दिया है वो ढाका में होने वाले बैठक में शामिल नहीं होंगे। इसके अलावा व्यक्तिगत रूप से भी आयोजन स्थल में बदलाव का अनुरोध किया है, लेकिन अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है।
एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) के संविधान के अनुसार ढाका में होने वाली बैठक में प्रमुख सदस्य बोर्डों की भागीदारी के बिना लिया गया कोई भी निर्णय अमान्य माना जा सकता है। इससे एशिया कप की मेजबानी पर संभावित गतिरोध की चिंताएं बढ़ गई हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार ढाका में बैठक आयोजित करने पर नकवी के जोर को एशिया कप के मामलों में भारत पर अनुचित दबाव डालने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है। बैठक के आयोजन में कुछ ही दिन बचे हैं और एसीसी की तरफ से बैठक कहीं अन्य जगह आचोजित करने को लेकर कोई आधिकारिक सूचना नहीं दी गई है जिससे एशिया कप के आयोजन पर सवाल उठ रहे हैं। इस बार एशिया कप का आयोजन सितंबर में किया जा सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here