IND vs ENG: ध्रुव-पंत पर भरोसा, करुण को मिला एक और मौका – ओपनर का चयन

0

नई दिल्ली: तीसरे टेस्ट के समाप्त होने और चौथे टेस्ट के शुरू होने के बीच ऐसा महसूस हो रहा है जैसे टीम इंडिया किसी संकट के दौर से गुजर रही है। यह संकट खिलाड़ियों की चोटों के रूप में सामने आया है, अर्शदीप सिंह और नितीश कुमार रेड्डी टीम से बाहर हो गए जबकि पंत और आकाशदीप भी इंजरी से जूझ रहे हैं। इंजरी ने टीम इंडिया के अभियान को बड़ा झटका दिया है, लेकिन इन सारी समस्याओं के बीच चौथे टेस्ट मैच के लिए भारत की टीम कैसी होनी चाहिए उसका चयन पूर्व ओपनर आकाश चोपड़ा ने किया।

करुण की वापसी पर नजरें टिकीं, इस बार मिलेगा खुद को साबित करने का मौका

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर टीम इंडिया की संभावित प्लेइंग इलेवन का चयन करते हुए कहा कि ओपनिंग की जिम्मेदारी केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल को दी जानी चाहिए। उनके अनुसार, दोनों बल्लेबाज इस समय शानदार फॉर्म में हैं और टीम को मजबूत शुरुआत दिलाने में सक्षम हैं। यशस्वी पिछले मैच में नहीं चले, लेकिन हर मैच में वो रन बनाएं ये जरूरी नहीं है। उनमें क्षमता है और वो आगे रन बना सकते हैं। आकाश ने तीसरे स्थान के लिए करुण को चुना और कहा कि ये उनके लिए आखिरी मौका हो सकता है और वो यहां चूक गए तो फिर उनका रास्ता बंद हो सकता है। करुण ने अच्छा तो नहीं किया, लेकिन वो ऐसे भी नहीं दिखे कि वो खेल नहीं सकते हैं। चौथे मैच में उन्हें शायद एक और मौका दिया जाए और मेरी टीम में तीसरे नंबर पर वही होंगे।

ध्रुव जुरेल को नंबर 6 पर आज़माने की मांग तेज

अगर कप्तान शुभमन गिल चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरते हैं, तो यह टीम के बल्लेबाजी क्रम को मजबूती देगा। वहीं, यदि ऋषभ पंत पूरी तरह फिट नहीं हैं और विकेटकीपिंग नहीं कर सकते, तो उन्हें बतौर विशुद्ध बल्लेबाज अंतिम एकादश में शामिल करना एक बेहतर विकल्प हो सकता है। इससे न केवल टीम को उनकी आक्रामक बल्लेबाजी का फायदा मिलेगा, बल्कि कीपिंग की जिम्मेदारी किसी अन्य खिलाड़ी को देकर संतुलन भी कायम रखा जा सकता है। नंबर 6 पर ध्रुव जुरेल को मौका दें क्योंकि अभी कोई दिख नहीं रहा है जो इस स्थान के लिए सही हों। अगर पंत कीपिंग करते हैं तो ध्रुव को बतौर फील्डर खिलाओ। नितीश के जाने के बाद वो इस जगह के लिए सही हैं। जडेजा और सुंदर को टीम में बतौर ऑलराउंडर शामिल करें जबकि बुमराह और सिराज को तेज गेंदबाज के रूप में टीम में जगह दें। अब बात रही अंशुल कंबोज की तो उनका डेब्यू हो सकता है क्योंकि प्रसिद्ध कृष्णा को दो मैचों में मौका मिला था और वो काफी महंगे साबित हुए थे। आपको बता दें कि भारत-इंग्लैंड के बीच चौथा टेस्ट मैच 23 जुलाई से मैनचेस्टर में खेला जाएगा।

चौथे टेस्ट के लिए आकाश चोपड़ा की प्लेइंग इलेवन

केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, करुण नायर, शुभमन गिल, ऋषभ पंत, ध्रुव जुरेल, रविंद्र जडेजा,वाशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, अंशुल कंबोज।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here