बांग्लादेश ने रचा इतिहास, पाकिस्तान को हराकर पहली बार T20I सीरीज़ पर कब्ज़ा

0

मीरपुर (ढाका)। बांग्लादेश ने मंगलवार को शेर-ए-बांग्ला नेशनल स्टेडियम में खेले गए दूसरे T20 मुकाबले में पाकिस्तान को 8 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज़ 2-0 से जीत ली। यह पहली बार है जब बांग्लादेश ने पाकिस्तान के खिलाफ T20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज़ जीती है।पहले बल्लेबाज़ी करते हुए बांग्लादेश की टीम 19.5 ओवर में 133 रन पर ऑलआउट हो गई। जाकर अली ने मुश्किल परिस्थितियों में 55 रन की जुझारू पारी खेली, जिसमें उन्होंने 5 छक्के और 1 चौका लगाया। माहेदी हसन ने भी 33 रन बनाए और दोनों के बीच 53 रन की साझेदारी ने टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुँचाया।पाकिस्तान की ओर से अब्बास अफरीदी, अहमद दानियाल और सलमान मिर्जा ने दो-दो विकेट लिए, जबकि फहीम अशरफ और मोहम्मद नवाज को एक-एक विकेट मिला।

पाकिस्तान की खराब शुरुआत, फिर फहीम ने दिखाई उम्मीद

लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम शुरुआत में ही लड़खड़ा गई। केवल 15 रन पर पांच विकेट गिर गए थे। सईम अय्यूब, मोहम्मद हारिस, फखर ज़मान, हसन नवाज़ और मोहम्मद नवाज़ कोई खास योगदान नहीं दे सके। कप्तान सलमान अली आगा ने 23 गेंदों में सिर्फ 9 रन बनाए।इसके बाद फहीम अशरफ ने निचले क्रम के बल्लेबाज़ों के साथ मिलकर मैच को रोमांचक बना दिया। उन्होंने पहले अब्बास अफरीदी (17 रन) के साथ 41 रन, फिर डेब्यू कर रहे अहमद दानियाल (17 रन) के साथ 33 रन की साझेदारी की।

19वें ओवर में रिशाद हुसैन को 15 रन पड़े लेकिन आखिरी गेंद पर फहीम 51 रन (32 गेंद, 4 चौके, 4 छक्के) बनाकर बोल्ड हो गए और वहीं से मैच पाकिस्तान की पकड़ से फिसल गया।अहमद दानियाल ने अंतिम ओवर की पहली गेंद पर चौका लगाया लेकिन दूसरी गेंद पर आउट हो गए। पाकिस्तान की पूरी टीम 125 रन पर ढेर हो गई।

ऐतिहासिक जीत, पहली बार पाकिस्तान पर T20I सीरीज़ में विजय

इस जीत के साथ बांग्लादेश ने न केवल सीरीज़ अपने नाम की बल्कि पाकिस्तान के खिलाफ T20I में पहली बार सीरीज़ जीतने का गौरव हासिल किया।शोरीफुल इस्लाम ने 3 विकेट, जबकि तान्जीम हसन साकिब और माहेदी हसन ने 2-2 विकेट लिए। जाकर अली को शानदार बल्लेबाज़ी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here