नई दिल्ली: वेस्टइंडीज के धाकड़ ऑलराउंडर आंद्रे रसेल ने इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया है। अपने आखिरी टी20I मुकाबले में उन्होंने ताबड़तोड़ बल्लेबाज़ी से फैंस को खास तोहफा दिया, लेकिन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उन्होंने अपने इंटरनेशनल क्रिकेट करियर के आखिरी टी20 मुकाबले में अपने अंदाज में बैटिंग की और जमकर फैंस का मनोरंजन किया। आंद्रे रसेल इस मैच में जब बैटिंग के लिए मैदान पर उतरे तब वेस्टइंडीज और ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ियों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया और उन्हें शानदार अंदाज में विदाई दी। 37 साल के रसेल मैदान पर अपने आक्रामक अंदाज में खेलने के लिए जाने जाते हैं, लेकिन अब वो इंटरनेशनल क्रिकेट में नजर नहीं आएंगे।
रसेल का तूफान: 240 की स्ट्राइक रेट से खेली विस्फोटक पारी
आंद्रे रसेल ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपने इंटरनेशनल करियर का आखिरी मैच खेला। इस मुकाबले में उन्होंने अपने पुराने अंदाज में छक्कों की बरसात कर सबको हैरान कर दिया। हालांकि इस मैच में वेस्टइंडीज को 8 विकेट से शिकस्त मिली और 0-2 सीरीज भी गंवानी पड़ी, लेकिन रसेल ने सबका जमकर मनोरंजन किया। उन्होंने कंगारू टीम के खिलाफ 15 गेंदों पर 4 छक्के और 2 चौकों की मदद से 36 रन की शानदार पारी खेली और नाथन एलिस की गेंद पर आउट हुए।
रसेल का धमाका जारी, टी20I करियर में बनाए तूफानी रफ्तार से रन
आंद्रे रसेल के टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट करियर की बात करें तो उन्होंने वेस्टइंडीज के लिए 86 मैचों में 163.79 की जबरदस्त स्ट्राइक रेट के साथ 1122 रन बनाए। बल्ले के साथ-साथ उन्होंने गेंदबाजी में भी अपना दम दिखाया और 61 विकेट अपने नाम किए। टी20आई में उनका बेस्ट स्कोर 71 रन रहा और उन्होंने 3 अर्धशतक लगाए जबकि उनकी बेस्ट गेंदबाजी 19 रन देकर 3 विकेट रहा। वहीं उन्होंने 56 वनडे मैचों में 1034 रन बनाए थे जबकि एक टेस्ट मैच में उन्होंने 2 रन बनाए थे। वनडे में रसेल ने 70 विकेट लिए थे जबकि टेस्ट में उन्होंने एक विकेट लिया था।


