भारत-पाकिस्तान वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स मैच रद्द, धवन ने भू-राजनीतिक कारणों का दिया हवाला

0

नई दिल्ली .  विश्व चैंपियनशिप ऑफ़ लीजेंड्स (WCL) 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच 20 जुलाई को बर्मिंघम में होने वाला मैच रद्द कर दिया गया है। इस फैसले की मुख्य वजह भारत और पाकिस्तान के बीच मौजूदा भू-राजनीतिक तनाव रही। भारतीय टीम के खिलाड़ी शिखर धवन ने साफ़ तौर पर कहा कि वह पाकिस्तान के खिलाफ इस मैच में नहीं खेलेंगे। धवन ने सोशल मीडिया पर एक बयान भी साझा किया जिसमें कहा गया कि यह निर्णय पहले से तय था और 11 मई को उनकी बातचीत में आयोजकों को इस बारे में अवगत करा दिया गया था।

इससे पहले अप्रैल में भारत के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद भारत-पाकिस्तान संबंधों में फिर से तनाव आ गया था, जिसके कारण IPL और PSL जैसे बड़े टूर्नामेंट भी कुछ समय के लिए स्थगित किए गए थे। आयोजकों ने सफाई दी कि पाकिस्तान हॉकी टीम के भारत दौरे और दोनों देशों की अंडर-16 वॉलीबॉल टीमों के बीच खेले गए हालिया मुकाबलों को देखकर उन्हें लगा था कि माहौल सामान्य हो चुका है, इसलिए उन्होंने यह हाई-प्रोफाइल मुकाबला तय किया था। लेकिन भारतीय दिग्गज खिलाड़ियों की असहमति के बाद उन्होंने मैच को रद्द करने का फ़ैसला लिया।

WCL का दूसरा संस्करण 18 जुलाई से इंग्लैंड में शुरू हो चुका है जिसमें छह टीमें हिस्सा ले रही हैं — भारत, पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड और वेस्टइंडीज़। युवराज सिंह भारत की और मोहम्मद हफीज़ पाकिस्तान की कप्तानी कर रहे हैं। टूर्नामेंट राउंड-रॉबिन प्रारूप में खेला जा रहा है और इसके सेमीफाइनल 31 जुलाई तथा फाइनल 2 अगस्त को होंगे। अब सबकी निगाहें इस पर होंगी कि अगर दोनों टीमें सेमीफाइनल या फाइनल में आमने-सामने आती हैं, तो क्या कोई नया फैसला लिया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here