किर्गिस्तान के होटल में भारतीय महिला पहलवानों पर चोरी का आरोप, CCTV में कैद हुई घटना

0

नई दिल्ली.  भारत की अंडर-20 महिला कुश्ती टीम की दो महिला पहलवानों पर किर्गिस्तान के एक फाइव स्टार होटल के जिम से वज़न मापने की मशीन चुराने का आरोप लगा है। यह घटना तब सामने आई जब इंटरनेशनल रेसलिंग एसोसिएशन (IWA) ने इस संबंध में इंडियन रेसलिंग एसोसिएशन को शिकायत भेजी। आरोप है कि दोनों खिलाड़ियों में से एक हरियाणा की रहने वाली है। चोरी की यह पूरी घटना होटल के सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है, जिसमें एक पहलवान को मशीन को बैग में रखते हुए देखा जा सकता है।

वीडियो फुटेज में दिख रहा है कि दो महिला खिलाड़ी जिम में कसरत कर रही हैं। एक खिलाड़ी तौलिया लेने जाती है और दूसरी उसके पीछे जाती है। फिर उनमें से एक नीचे बैठकर बैग में कुछ रखती है, और दूसरी उसे देखकर बैग उठाती है। इसके बाद दोनों जिम से बाहर चली जाती हैं। वीडियो में एक खिलाड़ी का चेहरा साफ नजर आ रहा है, जबकि दूसरी ने हुडी पहन रखी है। हालांकि, खिलाड़ी ने इस आरोप को गलत बताते हुए कहा कि मशीन होटल से पूछकर कमरे में ले जाई गई थी।

हरियाणा कुश्ती संघ के अध्यक्ष रमेश बोहर ने कहा कि उन्होंने संबंधित खिलाड़ी से बात की है और उसने इसे अफवाह बताया है। उन्होंने कहा कि यह घटना 5 से 13 जुलाई के बीच घटी जब भारतीय टीम अंडर-20 एशियाई चैंपियनशिप में हिस्सा लेने किर्गिस्तान के बिश्केक गई थी। इस चैंपियनशिप में भारत ने 21 मेडल जीते, लेकिन यह मामला अब चर्चा का विषय बन गया है। सूत्रों के मुताबिक, देश की छवि खराब न हो, इसके लिए मामला सुलझाने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here