नई दिल्ली . भारत और इंग्लैंड के बीच मैनचेस्टर में खेले जा रहे चौथे टेस्ट में करुण नायर को प्लेइंग इलेवन से बाहर कर दिया गया और उनकी जगह साई सुदर्शन को टीम में शामिल किया गया। हालांकि साई भी उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके और पहली पारी में 61 रन बनाने के बाद दूसरी पारी में बिना खाता खोले आउट हो गए। ऐसे में यह सवाल उठ रहा है कि करुण को अचानक क्यों ड्रॉप किया गया?
इस पर टीम इंडिया के बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने चौथे दिन का खेल खत्म होने के बाद बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा, “कौन खेलेगा, यह फैसला कप्तान और कोचिंग स्टाफ मिलकर करते हैं। करुण ने खराब बल्लेबाज़ी नहीं की, उन्हें अच्छी शुरुआत जरूर मिली, लेकिन टीम प्रबंधन को लगा कि तीन टेस्ट के बाद बदलाव ज़रूरी है। इसका मतलब यह नहीं है कि हम उन्हें सपोर्ट नहीं कर रहे।”
करुण नायर की बात करें तो वह आठ साल बाद टेस्ट टीम में लौटे थे। लेकिन इस सीरीज़ की छह पारियों में वे कोई भी अर्धशतक नहीं बना सके। खराब फॉर्म के चलते चौथे टेस्ट जैसे अहम मुकाबले में उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया। हालांकि, उनकी जगह आए साई सुदर्शन भी टीम की उम्मीदों पर खरे नहीं उतर पाए। अब भारत की स्थिति यह है कि वह इंग्लैंड की दूसरी पारी से 137 रन पीछे है।
टीम इंडिया को सीरीज़ में बने रहने के लिए यह टेस्ट मैच हर हाल में ड्रॉ कराना होगा, वरना इंग्लैंड सीरीज़ जीत जाएगा। ऐसे में सारा दबाव अब भारतीय बल्लेबाज़ों पर है, जिन्हें पांचवें दिन टिककर खेलना होगा। करुण नायर को लेकर उठे सवालों के बीच कोच का यह बयान बताता है कि भले ही उन्हें टीम से बाहर किया गया हो, लेकिन मैनेजमेंट अब भी उन पर भरोसा बनाए हुए है।


