नई दिल्ली: वर्ल्ड चैंपियंसशिप ऑफ लीजेंड्स 2025 के आखिरी लीग मुकाबले में इंडिया चैंपियंस की जीत ने टूर्नामेंट में नई दुविधा खड़ी कर दी है। मंगलवार, 29 जुलाई को वेस्टइंडीज चैंपियंस को हराकर इंडिया चैंपियंस ने अपनी पहली जीत दर्ज की। खास बात यह रही कि यह जीत उन्हें अंक तालिका में सबसे नीचे रहने के बावजूद सेमीफाइनल तक पहुंचा गई। 31 जुलाई को पहले सेमीफाइनल में अंक तालिका की पहली टीम पाकिस्तान चैंपियंस और चौथी टीम इंडिया चैंपियंस का सामना होना है। दोनों टीमों का लीग स्टेज में मुकाबला रद्द करना पड़ा था। पहलगाम आतंकी हमले के कारण भारत में इस मुकाबले को लेकर भारी विरोध के बाद शिखर धवन और हरभजन सिंह समेत कई खिलाड़ियों ने इस मुकाबले का बहिष्कार किया था। ऐसे में अब बड़ा सवाल यह है कि क्या ये खिलाड़ी सेमीफाइनल मुकाबले का बहिष्कार करेंगे?
अगर इंडिया चैंपियंस ने किया बहिष्कार, तो टूर्नामेंट में क्या होगा बदलाव?
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि इंडिया चैंपियंस और पाकिस्तान चैंपियंस के बीच सेमीफाइनल मुकाबला होगा या नहीं। टूर्नामेंट आयोजकों से इस बारे में अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है। अगर इंडिया चैंपियंस के खिलाड़ी मैच खेलने से मना करते हैं तो पाकिस्तान चैंपियंस को फाइनल में ऑटोमेटिक क्वालीफाई कर सकती है। क्या टूर्नामेंट के आयोजक फिक्चर में बदलाव करेंगे?
फाइनल में पहुंचने पर बढ़ेगा विवाद या बनेगी नई कहानी?
फिक्सचर में बदलाव का अर्थ है कि इंडिया चैंपियंस और पाकिस्तान चैंपियंस का सेमीफाइनल मुकाबला टालते हुए उन्हें साउथ अफ्रीका चैंपियंस और ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस से भिड़ा दिया जाए। हालांकि, ऐसा बदलाव सिर्फ मौजूदा टकराव को टालने जैसा होगा, जिससे स्थायी समाधान नहीं निकलेगा। फाइनल में अगर इंडिया और पाकिस्तान दोनों टीमें पहुंचती हैं, तो यही समस्या दोबारा खड़ी हो सकती है। ऐसे में टूर्नामेंट के आयोजन पर सवाल उठ सकते हैं और आयोजकों को बड़ी प्रशासनिक चुनौती का सामना करना पड़ सकता है।
एशिया कप में भारत-पाकिस्तान मैच पर भी संकट
सितंबर में होने वाले एशिया कप में भारत और पाकिस्तान को एक ही ग्रुप में रखा गया है, जहां दोनों टीमों के बीच मुकाबला 14 सितंबर को होना तय है। यह मैच टी20 फॉर्मेट में यूएई में खेला जाएगा, और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) इस टूर्नामेंट का मेजबान है। हालांकि, मौजूदा हालात को देखते हुए इस मैच के बहिष्कार की मांग भी उठ रही है, जिससे टूर्नामेंट पर असमंजस के बादल मंडरा रहे हैं।


