(NST News) भोपाल। टेक्नोक्रेट्स इंटरनेशनल स्कूल के तत्वावधान में चल रही सीबीएसई वेस्ट जोन बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता के पांचवें दिन कई रोमांचक मुकाबले खेले गए। 14 वर्ष आयु वर्ग में बड़ौदा की नवरचना विद्यालय ने शानदार प्रदर्शन करते हुए डीपीएस सूरत को 4-0 से हराया। वहीं, श्री सत्य साई विद्या विहार इंदौर ने एक कड़े मुकाबले में सागर पब्लिक स्कूल कटारा हिल्स को 1-0 से पराजित किया। 19 वर्ष आयु वर्ग में सागर पब्लिक स्कूल गांधी नगर भोपाल ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए नवरचना विद्यालय वडोदरा को पेनल्टी शूटआउट में 4-2 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। इसी वर्ग में डीपीएस सूरत ने एलएनसीटी वर्ल्ड स्कूल को 1-0 से हराकर खिताबी दौड़ में अपनी जगह मजबूत की। प्रतियोगिता के दौरान विद्यालय के निदेशक आर.के. दवे, स्पर्धा पर्यवेक्षक डा. विकास सक्सेना, टीआईटी समूह के खेल अधिकारी आर.के. शर्मा और अजय उपाध्याय भी मौजूद रहे। सभी ने खिलाड़ियों के जज्बे की सराहना की।

खराब मैदान में खेले गए मुकाबले, कई खिलाड़ी घायल
भोपाल में चल रही सीबीएसई वेस्ट जोन बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता में गत दिवस 29 जुलाई को खिलाड़ियों को खराब आउटफील्ड के बीच खेलना पड़ा। भारी बारिश के कारण मैदान की स्थिति खराब थी, बावजूद इसके आयोजकों ने मुकाबले कराए, जिससे कोचों और खिलाड़ियों को कई तरह की परेशानी का सामना करना पड़ा। कोचों और अभिभावकों ने बताया कि मैदान में कीचड़ और पानी जमा होने के कारण खिलाड़ी फिसल रहे थे। गुजरात की एक बालिका खिलाड़ी गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गई, उसके सिर व चेहरे पर चोट आई जिसे तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। इस अव्यवस्था को लेकर आयोजन समिति पर कई सवाल उठे। कई टीमों ने खराब स्थिति में खेलने पर आपत्ति जताई थी,लेकिन आयोजकों ने मुकाबले टालने की बजाय जारी रखे। टीआईटी समूह के खेल अधिकारी आर.के. शर्मा ने सफाई दी कि आपत्ति जताने वाली टीमों के मैच भी आज 30 जुलाई ही कराए गए। उन्होंने कहा कि हमारी पूरी कोशिश है कि प्रतियोगिता व्यवस्थित रूप से संपन्न हो। घायल खिलाड़ी को हमने तत्काल उपचार व्यवस्था दी और अब वह पूरी तरह ठीक है। वैसे व्यवस्थाओं और आयोजन को लेकर हमारे पास कोई शिकायत नहीं आई।


