(NST News) भोपाल। कोपल पब्लिक स्कूल में आयोजित सीबीएसई क्लस्टर-12 खो-खो बालिका प्रतियोगिता में मंगलवार को रोमांचक मुकाबलों की श्रृंखला जारी रही। अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग की टीमों के बीच खेले गए मैचों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।अंडर-17 आयु वर्ग में अब ज्योति सीनियर सेकेंडरी स्कूल रीवा, सेंट जोसेफ स्कूल कोलार, संदीपनी अकैडमी महेश्वर और गुरु तेग बहादुर अकैडमी रतलाम की टीमें सेमीफाइनल में पहुंच चुकी हैं। प्रतियोगिता के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले गुरुवार को खेले जाएंगे। दिन का पहला मुकाबला अंडर-14 वर्ग में होली क्रॉस स्कूल भोपाल और द सिक्का स्कूल इंदौर के बीच हुआ, जिसमें द सिक्का स्कूल ने जीत हासिल की। इसके बाद सेंट राफेल को-एड स्कूल भोपाल और राव रुक्मिणी देवी स्कूल नरसिंहपुर की भिड़ंत हुई, जिसमें नरसिंहपुर की टीम विजयी रही।

अंडर-17 वर्ग में पहला मैच सेंट जोसेफ कॉन्वेंट और ज्योति सीनियर सेकेंडरी स्कूल रीवा के बीच खेला गया। रीवा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मैच जीत लिया। इसके बाद सेंट राफेल स्कूल भोपाल और सेंट जोसेफ स्कूल कोलार के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें कोलार की टीम विजेता बनी। वहीं, संदीपनी स्कूल महेश्वर ने न्यू एज पब्लिक स्कूल नरसिंहपुर को हराया और गुरु तेग बहादुर अकैडमी रतलाम ने सेंट्रल हाई सेकेंडरी स्कूल इंदौर को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। अंडर-19 आयु वर्ग में पीपल्स पब्लिक स्कूल और सेंट्रल स्कूल के बीच खेले गए मुकाबले में सेंट्रल स्कूल विजेता बना। इसके बाद सेंट जोसेफ कॉन्वेंट भोपाल और द सिक्का स्कूल-3 इंदौर की टीमों के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें सिक्का स्कूल ने जीत दर्ज की।


