नई दिल्ली. क्रिकेट को 2028 के लॉस एंजिलिस ओलंपिक में शामिल किया गया है, लेकिन उसमें भाग लेने के लिए सिर्फ छह टीमों को चुना जाएगा। ICC अब तक इस पर विचार कर रही थी कि T20 रैंकिंग के आधार पर टॉप छह टीमों को ओलंपिक में भेजा जाएगा, लेकिन अब तय माना जा रहा है कि हर महाद्वीप से सिर्फ एक-एक टीम को चुना जाएगा। इसका मतलब है कि एशिया से सिर्फ एक टीम (संभवतः भारत) जाएगी, जिससे पाकिस्तान, श्रीलंका और न्यूज़ीलैंड जैसी टीमें बाहर हो सकती हैं।
ICC की AGM में यह तय किया गया कि ओलंपिक की भावना और IOC के ‘पांच रिंग’ सिद्धांत को ध्यान में रखते हुए महाद्वीपीय क्वालीफाइंग प्रणाली अपनाई जाएगी। यह निर्णय इसलिए लिया गया ताकि क्रिकेट जैसे वैश्विक खेल में अलग-अलग महाद्वीपों का प्रतिनिधित्व हो सके। रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका को मेज़बान होने के कारण सीधा प्रवेश मिल सकता है, लेकिन उनकी पुरुष और महिला टीमों की तैयारी और रैंकिंग चिंता का विषय बनी हुई है।
ECB ने इंग्लैंड, स्कॉटलैंड और आयरलैंड के खिलाड़ियों को मिलाकर ‘ग्रेट ब्रिटेन क्रिकेट’ टीम बनाने की योजना बनाई है, जबकि वेस्टइंडीज़ अपने क्षेत्रीय देशों के बीच इंटरनल क्वालीफायर करा सकता है। वहीं, ICC एक वैश्विक क्वालीफाइंग टूर्नामेंट की भी योजना बना रहा है, जिससे छठी टीम चुनी जा सकेगी। हालांकि यह साफ है कि अगर यह प्रणाली लागू हो जाती है, तो भारत-पाकिस्तान जैसी हाई-वोल्टेज भिड़ंत ओलंपिक में शायद ही देखने को मिले।


