कोलकाता. शहर में 15 से 17 अगस्त तक होने जा रही चौथी ट्रान्ज़िएंट कैप्टन्स कप 2025 मार्शल आर्ट्स चैंपियनशिप में देश के टॉप फाइटर्स आमने-सामने होंगे। यह टूर्नामेंट सिल्वर पॉइंट स्कूल में आयोजित होगा, जिसमें किकबॉक्सिंग, कराटे और ग्रैपलिंग की राष्ट्रीय स्तर पर टक्कर देखने को मिलेगी। इस इवेंट को नेशनल कॉम्बैट स्पोर्ट्स फेडरेशन (NCSF) और माइक्स मार्शल आर्ट्स द्वारा मिलकर आयोजित किया जा रहा है। इस बार मुकाबले में मुंबई, असम, दार्जिलिंग, बैरकपुर और कोलकाता समेत देशभर की 12 टॉप टीमें हिस्सा लेंगी। प्रमुख एकेडमियों में कॉम्बैटन्ट स्पोर्ट्स अकादमी (मुंबई), अन्बुज़ कॉम्बैट क्लब (दार्जिलिंग), राइनो एमएफसी (असम) और कोलकाता की माइक्स मार्शल आर्ट्स, अल्फा फिटनेस, बैटलबोर्न वॉरियर स्पोर्ट्स, द कॉम्बैट जिम, क्रैटोज़ कॉम्बैट जैसे प्रतिष्ठित क्लब शामिल हैं। आयोजकों के मुताबिक, 100 से ज्यादा पेशेवर खिलाड़ी इस इवेंट में हिस्सा लेंगे। माइक्स मार्शल आर्ट्स के संस्थापक सेंसाई मयूख बनर्जी ने कहा कि यह सिर्फ मुकाबला नहीं बल्कि देशभर की मार्शल प्रतिभाओं का उत्सव है। टूर्नामेंट में युवाओं और महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा मिलेगा। ट्रान्ज़िएंट डेटा टेक्नोलॉजीज़, यूको बैंक, आईटीसी लिमिटेड और एलबीडी रिसॉर्ट्स जैसे प्रायोजकों के सहयोग से यह इवेंट पहले से भी ज्यादा भव्य और रोमांचक होगा।


