नई दिल्ली. दलीप ट्रॉफी 2025 के लिए वेस्ट ज़ोन टीम का ऐलान हो गया है। भारतीय ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर को टीम का कप्तान बनाया गया है। यह टूर्नामेंट 28 अगस्त से शुरू होगा। टीम में मुंबई के सात खिलाड़ी शामिल हैं, जिनमें यशस्वी जायसवाल, श्रेयस अय्यर और सरफराज़ खान जैसे नाम शामिल हैं। वहीं, महाराष्ट्र से ऋतुराज गायकवाड़ को भी टीम में जगह दी गई है। वेस्ट ज़ोन की टीम में दो विकेटकीपर सौराष्ट्र के हार्विक देसाई और महाराष्ट्र के सौरभ नवाले को शामिल किया गया है। इस बार दलीप ट्रॉफी अपने पुराने ज़ोनल फॉर्मेट में लौट रही है, जिसमें अलग-अलग क्षेत्रों के चयनकर्ता अपनी टीमें चुनते हैं। पिछली बार यह प्रतियोगिता चार टीमों के फॉर्मेट में खेली गई थी, लेकिन इस बार फिर से छह ज़ोनल टीमें मैदान में होंगी। टीम के चयन की जिम्मेदारी मुंबई, बड़ौदा, सौराष्ट्र, गुजरात और महाराष्ट्र के चयनकर्ताओं की संयुक्त समिति ने निभाई। खास बात यह रही कि इस बार चेतेश्वर पुजारा और अजिंक्य रहाणे जैसे अनुभवी खिलाड़ियों को टीम में नहीं चुना गया। दक्षिण क्षेत्र (साउथ ज़ोन) ने भी अपनी टीम की घोषणा कर दी है, जिसकी कप्तानी तिलक वर्मा करेंगे।
वेस्ट ज़ोन की पूरी टीम – दलीप ट्रॉफी 2025
शार्दुल ठाकुर (कप्तान, मुंबई), यशस्वी जयसवाल (मुंबई), आर्या देसाई (गुजरात), हार्विक देसाई (विकेटकीपर, सौराष्ट्र), श्रेयस अय्यर (मुंबई), सरफ़राज़ खान (मुंबई), ऋतुराज गायकवाड़ (महाराष्ट्र), जयमीत पटेल (गुजरात), मनन हिंगराजिया (गुजरात), सौरभ नवाले (विकेटकीपर, गुजरात), शम्स मुलानी (मुंबई), तनुश कोटियन (मुंबई), धर्मेंद्र सिंह जाडेजा (सौराष्ट्र), तुषार देशपांडे (मुंबई), अरज़ान नागवासवाला (गुजरात)

