IND vs ENG Day 2: राहुल बने SENA टेस्ट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे भारतीय ओपनर

0

लंदन: भारत और इंग्लैंड के बीच जारी पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का आखिरी मुकाबला लंदन के प्रतिष्ठित द ओवल मैदान पर खेला जा रहा है। दोनों टीमें सीरीज को जीतने के इरादे से मैदान पर उतरी हैं, जिससे मुकाबला बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है। भारत ने दूसरी पारी में दो विकेट पर 75 रन बना लिए हैं और इंग्लैंड के खिलाफ 52 रनों की बढ़त हासिल कर ली है। इससे पहले मेजबानों की पहली पारी 247 रन पर सिमटी थी जबकि भारत ने पहली पारी में 224 रन बनाए थे। इस आधार पर इंग्लैंड को 23 रन की बढ़त हासिल हुई। शुक्रवार का खेल समाप्त होने तक यशस्वी जायसवाल 49 गेंदों में 51 और आकाश दीप दो गेंदों में चार रन बनाकर क्रीज पर डटे हैं।

यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल ने दूसरी पारी में भारतीय टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने संयम और आक्रामकता के संतुलन के साथ अहम साझेदारी की। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 46 रनों की साझेदारी हुई, जिसे जोश टंग ने तोड़ा। उन्होंने राहुल को रूट के हाथों कैच कराया। वह 28 गेंदों में सात रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद बल्लेबाजी के लिए आए साई सुदर्शन 11 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें गस एटकिंसन ने एलबीडब्ल्यू आउट किया। इस दौरान यशस्वी जायसवाल ने 44 गेंदों में अपना 13वां अर्धशतक पूरा किया। मौजूदा सीरीज में यह उनका तीसरा पचासा है। दिन का खेल समाप्त होने तक बाएं हाथ के बल्लेबाज 51 और आकाश दीप चार रन बनाकर डटे हैं।

दूसरी पारी में भले ही केएल राहुल सिर्फ सात रन बनाकर पवेलियन लौट गए, लेकिन उन्होंने टीम को ठोस शुरुआत दिलाई। हालांकि, उन्होंने बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली। वह SENA (दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) देशों में एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे भारतीय सलामी बल्लेबाज बन गए। मौजूदा सीरीज में केएल राहुल ने 532 रन बनाए हैं। वहीं, इस मामले में शीर्ष पर सुनील गावस्कर हैं। पूर्व बल्लेबाज ने 1979 में इंग्लैंड दौरे पर एक टेस्ट सीरीज में 542 रन बनाए थे। तीसरे स्थान पर मुरली विजय हैं, जिन्होंने 2014-15 में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर 482 रन बनाए थे। केएल ने पहली पारी में 14 रन बनाए थे।

SENA टेस्ट सीरीज में सर्वाधिक रन बनाने वाले भारतीय ओपनर

इंग्लैंड की पहली पारी 247 पर समाप्त हुई और मेजबानों को भारत पर 23 रन की बढ़त मिली। इससे पहले भारत ने पहली पारी में 10 विकेट पर 224 रन बनाए थे। इंग्लैंड के खिलाफ भारत की ओर से मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा ने चार-चार विकेट झटके। वहीं, आकाश दीप को एक सफलता मिली। जैक क्राउली और बेन डकेट ने टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई थी। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 92 रनों की साझेदारी हुई जिसे आकाश दीप ने तोड़ा। उन्होंने डकेट को अपना शिकार बनाया जो 38 गेंदों में पांच चौके और दो छक्के की मदद से 43 रन बना पाए। इसके बाद तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए कप्तान ओली पोप ने कुछ अच्छे शॉट खेले और 37 रन जोड़े। क्राउली 57 गेंदों में 64 रन बनाकर आउट हुए।

उन्हें प्रसिद्ध कृष्णा ने पवेलियन की राह दिखाई। दूसरे सत्र में भारत ने गेंदबाजों के दम पर शानदार वापसी की। मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा ने इस सत्र में तीन-तीन विकेट लेकर इंग्लैंड को बैकफुट पर ला दिया। क्राउली के बाद ओली पोप (22), जो रूट (29), जैकब बेथेल (6), जेमी स्मिथ (8), जेमी ओवरटन (0) ने अपने विकेट खोए। इंग्लैंड ने तीसरे सत्र में भारत पर बढ़त जरूर हासिल की, लेकिन कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाई। गस एटकिंसन 11 और हैरी ब्रूक 53 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, जोश टंग बिना खाता खोले नाबाद रहे। क्रिस वोक्स पहले ही चोट के कारण बाहर हो गए। यही वजह है कि इंग्लैंड नौ बल्लेबाजों के साथ उतरी है।

दूसरे दिन भारत की पहली पारी 224 के स्कोर पर सिमट गई। शुक्रवार का खेल छह विकेट पर 204 के स्कोर से शुरू हुआ था। उस वक्त करुण नायर 98 गेंदों में 52 और वाशिंगटन सुंदर 45 गेंदों में 19 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे। जोश टंग ने पहले करुण नायर को एलबीडब्ल्यू आउट किया। वह 109 गेंदों में आठ चौके की मदद से 57 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद गस एटकिंसन ने वाशिंगटन सुंदर को अपना शिकार बनाया। वह 55 गेंदों में 26 रन बनाकर आउट हुए। दोनों के बीच सातवें विकेट के लिए 65 रनों की साझेदारी हुई। इसके बाद बल्लेबाजी के लिए आए मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा बिना खाता खोले आउट हो गए। वहीं, आकाश दीप खाता खोले बिना नाबाद रहे। इससे पहले यशस्वी जायसवाल ने दो, केएल राहुल ने 14, साई सुदर्शन ने 38, शुभमन गिल ने 21, रवींद्र जडेजा ने नौ और ध्रुव जुरेल ने 19 रन बनाए। इंग्लैंड के लिए गस एटकिंसन ने पांच विकेट लिए जबकि जोश टंग को तीन विकेट मिले। इसके अलावा क्रिस वोक्स ने एक सफलता अपने नाम की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here