Athletics: कजाकिस्तान में चमके श्रीशंकर, लंबी कूद में दिखाया दम

0

नई दिल्ली: लंबी कूद के अनुभवी भारतीय एथलीट मुरली श्रीशंकर ने शानदार वापसी करते हुए एक बार फिर अपने प्रदर्शन से सबको प्रभावित किया। शनिवार को कजाकिस्तान के अल्माटी में आयोजित कोसानोव मेमोरियल एथलेटिक्स मीट में श्रीशंकर ने शीर्ष स्थान हासिल कर खिताब पर कब्जा जमाया। यह उनकी चोट के बाद वापसी की तीसरी प्रतियोगिता थी और उन्होंने लगातार तीसरी बार खिताब जीतकर साबित किया कि वे पूरी लय में लौट आए हैं। श्रीशंकर की यह सफलता न केवल उनके आत्मविश्वास को मजबूती देगी, बल्कि आने वाले अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में भारत की उम्मीदों को भी बढ़ावा देगी। इस 26 साल के खिलाड़ी ने विश्व एथलेटिक्स कॉन्टिनेंटल टूर कांस्य स्तर (श्रेणी सी) मीट में अपने पहले प्रयास में 7.94 मीटर की छलांग के साथ खिताब पक्का किया।

उनके अन्य प्रयास 7.73 मीटर, 7.58 मीटर, 7.57 मीटर, 7.80 मीटर और 7.79 मीटर थे। उनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ 8.41 मीटर है। यह घुटने की चोट से वापसी के बाद श्रीशंकर की तीसरी प्रतियोगिता थी। उन्हें यह चोट पिछले साल अप्रैल में लगी थी। उन्होंने इसकी सर्जरी करवाई थी जिसके बाद पेरिस ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने के बावजूद वह भाग नहीं ले पाए थे। एशियाई खेलों के दो बार के स्वर्ण पदक विजेता गोला फेंक एथलीट तजिंदरपाल सिंह तूर ने शनिवार को इंडियन ग्रां प्री के तीसरे चरण में शीर्ष स्थान हासिल किया। इससे दिखता है कि वह इस महीने के अंत में चेन्नई में होने वाली अंतर-राज्यीय सीनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए तैयार हैं।

30 वर्षीय तूर ने गुरु नानक स्टेडियम में 18.93 मीटर की दूरी तक ‘आयरन बॉल’ फेंकी। इससे वह 20-24 अगस्त तक चलने वाली चेन्नई प्रतियोगिता के लिए अच्छी फॉर्म में दिखे। यह सितंबर में होने वाली तोक्यो विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए अंतिम क्वालीफिकेशन प्रतियोगिता होगी। तमिलनाडु की हांग्झोउ एशियाई खेलों की पदक विजेता विथ्या रामराज ने महिलाओं की 400 मीटर बाधा दौड़ का खिताब जीता जबकि महाराष्ट्र के सर्वेश अनिल कुशारे ने पुरुषों की ऊंची कूद में आसानी से जीत हासिल की। राजस्थान के उभरते हुए भाला फेंक एथलीट यशवीर सिंह ने 77.79 मीटर के प्रयास के साथ पहला स्थान हासिल किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here