नई दिल्ली: पाकिस्तान ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 3 मैचों की टी20 सीरीज के आखिरी मुकाबले में 13 रन से जीत दर्ज की, जबकि मेजबान टीम के पास यह मैच और सीरीज दोनों ही जीतने का बेहतरीन मौका था। इस जीत के साथ पाकिस्तान ने सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। खास बात यह है कि यह पाकिस्तान की वेस्टइंडीज के खिलाफ लगातार सातवीं द्विपक्षीय टी20 सीरीज जीत है। अब तक खेले गए सभी टी20 सीरीज में पाकिस्तान ने वेस्टइंडीज को हराया है और एक बार भी सीरीज नहीं गंवाई, जिससे उनका वर्चस्व पूरी तरह से साबित होता है।
2011 से नहीं हारी कोई सीरीज
पाकिस्तान और वेस्टइंडीज के बीच पहला टी20 मुकाबला अप्रैल 2011 में खेला गया था, जिसमें वेस्टइंडीज ने जीत दर्ज की थी। हालांकि, इसके बाद से हालात पूरी तरह बदल गए। दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 7 द्विपक्षीय टी20 सीरीज खेली जा चुकी हैं और सभी में पाकिस्तान ने जीत हासिल की है। इस दौरान वेस्टइंडीज एक भी सीरीज अपने नाम नहीं कर सका, जिससे यह साफ जाहिर होता है कि पाकिस्तान ने टी20 फॉर्मेट में कैरेबियाई टीम पर पूरी तरह से दबदबा बना लिया है। फ्लोरिडा में लॉडरहिल के सेंट्रल ब्रोवार्ड रीजनल पार्क स्टेडियम टर्फ ग्राउंड में खेले गए मैच में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला किया। उसने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट पर 189 रन बनाए।
साहिबजादा फरहान की शानदार पारी, बने प्लेयर ऑफ द मैच
ओपनर साहिबजादा फरहान ने 53 गेंदों में शानदार 74 रन बनाए, जिसमें 3 चौके और 5 छक्के शामिल थे। बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। साहिबजादा फरहान के साथी ओपनर सैम अयूब ने 49 गेंद में 4 चौके और 2 छक्के की मदद से 66 रन बनाए। वेस्टइंडीज की ओर से जेसन होल्डर, रोस्टन चेज और शमार जोसेफ ने क्रमशः 34, 31 और 57 रन देकर 1-1 विकेट लिए।
तेज़ शुरुआत के बाद लड़खड़ाई वेस्टइंडीज
लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम ने अच्छी शुरुआत की, लेकिन अंत में 20 ओवर में 6 विकेट पर सिर्फ 176 रन ही बना सकी और मैच 13 रन से हार गई। उनके पास जीत का पूरा मौका था, मगर मिडिल ओवरों में गति खो बैठी। यह हार इतनी अप्रत्याशित थी कि खुद वेस्टइंडीज को भी हैरानी होगी कि उन्होंने यह मुकाबला आखिर कैसे गंवा दिया! एलिक अथानाजे ने पावरप्ले में पाकिस्तानी गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। दो बल्लेबाजों ने 50 से ज्यादा और अच्छे स्ट्राइक रेट से रन बनाए, लेकिन फिर भी वह 13 रन से चूक गए। एलिक अथानाजे और विकेटकीपर ज्वेल एंड्रयू ने वेस्टइंडीज को शानदार शुरुआत दिलाई। वेस्टइंडीज ने पहले 6 ओवर्स में 59/1 का स्कोर बनाया। हालांकि, मध्यक्रम फिर समस्या बना। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए कप्तान शाई होप (7 रन), रोस्टन चेज (12 गेंद में 15 रन, रिटायर्ड आउट), जेसन होल्डर (0), रोमारियो शेफर्ड (3 गेंद में नाबाद 4 रन) तेजी से रन बनाने में नाकाम रहे।
कैरेबियाई टीम के हाथ से फिसली जीत, पाकिस्तान ने किया कमाल
पाकिस्तानी स्पिनर्स, खासकर सूफियान मुकीम ने वेस्टइंडीज की बल्लेबाजी पर शानदार दबाव बनाया। बाएं हाथ के लेग स्पिनर मुकीम ने कसी हुई लाइन और लंबाई से गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 20 रन दिए और एक महत्वपूर्ण विकेट भी लिया। उनका स्पेल बेहद किफायती और मैच का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। जिस समय वेस्टइंडीज की टीम रफ्तार पकड़ रही थी, मुकीम ने उन्हें बांध कर रखा और यही अंतर अंत में पाकिस्तान की जीत में निर्णायक बना। शेरफेन रदरफोर्ड ने अंतिम ओवर बल्लेबाजी की, 32 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया, लेकिन वेस्टइंडीज को जीत नहीं दिला पाए। कैरेबियाई टीम के लिए पाकिस्तान के खिलाफ T20I सीरीज जीतने का अच्छा मौका था, जो उन्होंने पहले कभी नहीं किया है, लेकिन उसके बल्लेबाज लक्ष्य का पीछा करने में नाकाम रहे।


