भोपाल के स्टार क्यूईस्ट कमल चावला ‘द वर्ल्ड गेम्स’ में करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व

0

(NST News) भोपाल.  राजधानी के वर्ल्ड सिक्स रेड स्नूकर चैंपियन कमल चावला 7 से 17 अगस्त तक चीन के चेंगडु में होने वाले द वर्ल्ड गेम्स 2025 में हिस्सा लेंगे। वे मध्यप्रदेश के एकमात्र खिलाड़ी हैं जो इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में भारत की ओर से भाग लेंगे। यह खेल प्रतियोगिता हर चार साल में एक बार होती है और इसे ओलंपिक के समकक्ष माना जाता है। इस वर्ष यह इसका 12वां संस्करण है। कमल चावला ने वर्ल्ड सिक्स रेड स्नूकर चैंपियनशिप जीतकर इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई किया है। द वर्ल्ड गेम्स 2025 की स्नूकर स्पर्धा में विश्व भर से केवल 12 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं, जिनका चयन पिछले दो वर्षों के वर्ल्ड स्नूकर चैंपियनशिप के प्रदर्शन के आधार पर हुआ है।

द वर्ल्ड गेम्स 2025 में कुल 34 खेलों का आयोजन होगा, जिसमें 110 देशों के 6000 से अधिक खिलाड़ी भाग लेंगे। भारत की ओर से इस बार 5 खेलों में कुल 17 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं, जिसमें कमल चावला स्नूकर में अकेले भारतीय प्रतिनिधि हैं। यह न सिर्फ प्रदेश बल्कि देश के लिए भी गौरव की बात है। कमल के माता-पिता सीएल चावला और कैलाश चावला ने बेटे की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की है और कहा कि ओलंपिक जैसे मंच पर कमल का भाग लेना परिवार के लिए गर्व का क्षण है। रेलवे के सीनियर डीईएन (को) ऋतुराज शर्मा और खेल संचालक राकेश गुप्ता ने भी कमल को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई है कि वे इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here