19 साल का युवा खिलाड़ी भारत दौरे पर, बुमराह से हो सकता है आमना-सामना

0

नई दिल्ली: क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने 7 अगस्त 2025 को इंडिया ए के खिलाफ दो चार दिवसीय मैचों के लिए अपनी ऑस्ट्रेलिया ए टीम का ऐलान किया। इस टीम में 19 वर्षीय युवा ओपनर सैम कोंस्टास को भी जगह दी गई है, जिनकी पिछली बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के दौरान जसप्रीत बुमराह से टक्कर हो चुकी है। सैम की इस टीम में मौजूदगी से यह संकेत मिल रहा है कि उन्हें आगामी एशेज सीरीज में मौका मिलना फिलहाल मुश्किल है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने इस सीरीज को उभरते खिलाड़ियों के लिए एक अहम प्लेटफॉर्म माना है, जहां वे भारतीय परिस्थितियों में खुद को साबित कर सकें। भारत के खिलाफ मैच से टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू करने वाले सैम कोंस्टास के साथ नाथन मैकस्वीनी भी ऑस्ट्रेलिया ए टीम का हिस्सा हैं। सैम कोंस्टास ने भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया पिछली सीरीज के दौरान मैकस्वीनी की जगह ली थी, लेकिन शीर्ष क्रम में अपनी जगह पक्की नहीं कर पाए। कैरेबियाई दौरे में उनका प्रदर्शन निराशाजनक रहा जबकि उनकी टीम ने वेस्टइंडीज पर पूरी तरह से दबदबा बनाया।

सैम कोंस्टास ‘ए’ टीम में चुने गए मौजूदा टेस्ट टीम के एकमात्र खिलाड़ी हैं, जबकि अन्य अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों में मैकस्वीनी, कूपर कोनोली और स्पिनर टॉड मर्फी शामिल हैं। सैम कोंस्टास ने मेलबर्न टेस्ट में अपने पदार्पण पर काफी प्रभाव डाला था। उन्होंने तेज अर्धशतक बनाया। भारतीय सुपरस्टार विराट कोहली ने उन्हें कंधे से धक्का दिया था। बाद में उनकी अन्य भारतीय खिलाड़ियों के साथ बहस भी हुई, लेकिन वह शुरुआती उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके। आखिरी एकादश में जगह नहीं बना पाने के कारण उन्हें श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैच की श्रृंखला से शेफील्ड शील्ड में खेलने के लिए वापस भेज दिया गया था। अब तक सात टेस्ट मैच खेलने वाले मर्फी ने 2022-23 में भारत दौरे के दौरान बोर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के चारों मैच खेले और उस श्रृंखला में 14 विकेट लिए जिसमें ऑस्ट्रेलिया 1-2 से हार गया।

ऑस्ट्रेलिया के चयनकर्ताओं के अध्यक्ष जॉर्ज बेली के हवाले से ‘क्रिकेट.कॉम.एयू’ ने लिखा, ‘उपमहाद्वीप का दौरा कई अनूठी चुनौतियां और बल्ले और गेंद से विभिन्न कौशल का उपयोग करने का अवसर प्रदान करता।’ उन्होंने कहा, ‘हमें उम्मीद है कि इन परिस्थितियों का बार-बार अनुभव प्राप्त करने से खिलाड़ियों को भविष्य के उपमहाद्वीपीय दौरों के लिए अपने खेल की एक प्रभावी पद्धति और समझ विकसित करने में मदद मिलेगी।’ लाल गेंद की टीम में पिछले महीने डार्विन में श्रीलंका ए के खिलाफ नाबाद 202 रन बनाने वाले जेसन संघा और भारत में टेस्ट खेलने का अनुभव रखने वाले मैथ्यू रेनशॉ की कमी खलेगी। इंडिया ए बनाम ऑस्ट्रेलिया के बीच 4 दिवसीय 2 मैच की सीरीज का पहला मैच लखनऊ में 16 से 19 सितंबर और दूसरा मुकाबला 23 से 26 सितंबर 2025 तक खेले जाएंगे, जबकि तीन एकदिवसीय मैच क्रमशः 30 सितंबर, 3 अक्टूबर और 5 अक्टूबर को होंगे।

इस प्रकार है ऑस्ट्रेलिया ए की टीमें

चार दिवसीय मैच के लिए यह है ऑस्ट्रेलिया ए की टीम: जेवियर बार्टलेट, कूपर कोनोली, जैक एडवर्ड्स, एरोन हार्डी, कैंपबेल केलावे, सैम कोंस्टास, नाथन मैकस्वीनी, लांस मॉरिस, टॉड मर्फी, फर्गस ओनील, ओलिवर पीक, जोश फिलिप, कोरी रोचिचियोली और लियाम स्कॉट।

एकदिवसीय मुकाबलों के लिए ऑस्ट्रेलिया ए की टीम: कूपर कोनोली, हैरी डिक्सन, जैक एडवर्ड्स, सैम इलियट, जेक फ्रेजर-मैकगर्क, एरोन हार्डी, मैकेंजी हार्वे, टॉड मर्फी, तनवीर संघा, लियाम स्कॉट, लैची शॉ, टॉम स्ट्रैकर, विल सदरलैंड और कैलम विडलर।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here