IPL 2026: संजू सैमसन को जोड़ने के पीछे CSK के 4 बड़े कारण

0

नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026) के ऑक्शन से पहले ट्रेडिंग विंडो फिलहाल खुली हुई है और इसी दौरान राजस्थान रॉयल्स और कप्तान संजू सैमसन के बीच मतभेद की खबरें तेज हो गई हैं। दोनों के बीच रिश्ते इस हद तक बिगड़ गए हैं कि सैमसन ने फ्रेंचाइजी से खुद को रिलीज करने का अनुरोध कर दिया है। बताया जा रहा है कि चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) उन्हें अपने साथ जोड़ने के लिए बेहद इच्छुक है।

इसके लिए कोच स्टीफन फ्लेमिंग और संजू सैमसन के बीच मुलाकात भी हो चुकी है। महेंद्र सिंह धोनी, रविंद्र जडेजा और ऋतुराज गायकवाड़ जैसे खिलाड़ी होने के बाद भी 5 बार की आईपीएल चैंपियन फ्रेंचाइजी केरल के विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन को क्यों अपने साथ जोड़ना चाहती है? क्या सीएसके को ऐसा लगता है कि धोनी की तरह लोकप्रियता संजू हासिल कर सकते हैं? संजू के आने से नंबर-3 की समस्या सुलझ सकती है। फ्रेंचाइजी को इस क्रम पर सुरेश रैना का विकल्प अबतक नहीं मिला है।

4 कारण जिसके चलते संजू सैमसन को चेन्नई सुपर किंग्स जोड़ना चाहती है
  • चेन्नई सुपर किंग्स को अब महेंद्र सिंह धोनी के बाद आगे बढ़ने के लिए एक भरोसेमंद विकल्प की तलाश है। किसी भी फ्रेंचाइजी के लिए विकेटकीपर, बल्लेबाज और कप्तान का बेहतरीन कॉम्बिनेशन मिलना आसान नहीं होता। मसला यह नहीं है कि इस तरह के खिलाड़ी मौजूद नहीं हैं, बल्कि यह है कि वे कितने सफल साबित होते हैं। इस संदर्भ में एमएस धोनी के बाद संजू सैमसन एक उपयुक्त विकल्प नजर आते हैं, जो इस खांचे में पूरी तरह फिट बैठ सकते हैं और टीम के लिए लंबी अवधि तक योगदान दे सकते हैं।
  • चेन्नई सुपर किंग्स के लिए सबसे बड़ी चुनौती नंबर-3 बल्लेबाजी पोजीशन को मजबूत करना है। एक समय यह स्थान आईपीएल के सबसे सफल बल्लेबाजों में से एक, सुरेश रैना, के नाम से जुड़ा था। ‘चिन्नाथाला’ के नाम से मशहूर रैना ने अपनी लगातार शानदार पारियों से चेन्नई सुपर किंग्स को आईपीएल की सबसे सफल फ्रेंचाइजियों में से एक बनाने में अहम योगदान दिया। हालांकि, उनके संन्यास के बाद से सीएसके को अब तक इस पोजीशन के लिए उनका सही विकल्प नहीं मिल पाया है।
  • महेंद्र सिंह धोनी सिर्फ मैदान पर चेन्नई सुपर किंग्स के ट्रबलशूटर नहीं रहे हैं, बल्कि उनकी लोकप्रियता भी फ्रेंचाइजी की सबसे बड़ी ताकत रही है। 5 बार की चैंपियन बनने के बावजूद सीएसके का ब्रांड काफी हद तक धोनी की फैन फॉलोइंग पर टिका हुआ है। यह लोकप्रियता इतनी गहरी है कि कई बार फैंस धोनी को बल्लेबाजी करते देखने के लिए बाकी खिलाड़ियों के जल्दी आउट होने की भी कामना कर देते हैं। ऐसे में ‘थाला’ के रिटायरमेंट के बाद इस विशाल फैन बेस को बनाए रखना फ्रेंचाइजी के लिए बड़ी चुनौती होगी। संजू सैमसन के पास भी मजबूत और वफादार फैन बेस है, जो इस कमी को काफी हद तक पूरा कर सकता है।
  • संजू सैमसन ने कप्तान के तौर पर भी अपनी क्षमता साबित की है। हालांकि आईपीएल 2025 में चोट के कारण वह ज्यादा मैचों में टीम की अगुवाई नहीं कर पाए, लेकिन इससे पहले उनका नेतृत्व प्रदर्शन प्रभावशाली रहा है। उनकी कप्तानी में राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल 2024 में प्लेऑफ तक का सफर तय किया, 2023 में टीम पांचवें स्थान पर रही और 2022 में फाइनल तक पहुंची। यह रिकॉर्ड दर्शाता है कि सैमसन न केवल एक भरोसेमंद बल्लेबाज हैं, बल्कि एक सक्षम कप्तान भी हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here