नई दिल्ली: वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज जीतने के बाद, पाकिस्तान की टीम अब इंडीज के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलने के लिए तैयार है। इस सीरीज का पहला मुकाबला शुक्रवार को भारतीय समयानुसार रात 11:30 बजे से शुरू होगा। टी20 में मिली जीत के बाद पाकिस्तान की नजर अब वनडे सीरीज में भी जीत हासिल करने पर टिकी है।
पाकिस्तान और वेस्टइंडीज के बीच ये मैच ब्रायन लारा स्टेडियम, त्रिनिदाद में खेला जाएगा और इस वनडे सीरीज में पाकिस्तान टीम की कमान मोहम्मद रिजवान के हाथों में होगी। वनडे सीरीज में बाबर आजम भी खेलते हुए नजर आएंगे जो टी20 सीरीज का हिस्सा नहीं थे। वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे में पाकिस्तान अपनी पूरी ताकत के साथ मैदान पर उतरेगी और इस मैच के लिए रिजवान की टीम की संभावित प्लेइंग इलेवन कुछ ऐसी हो सकती है।
पाकिस्तान की संभावित प्लेइंग इलेवन: पहला वनडे मुकाबला
पाकिस्तान के सीनियर बल्लेबाज फखर जमान इस वनडे सीरीज से पहले ही बाहर हो चुके हैं, जिसके कारण टीम में ओपनिंग जोड़ी के तौर पर सैम अयूब और अब्दुल्ला शफीक को मैदान पर उतारा जा सकता है। बल्लेबाजी क्रम में तीसरे नंबर पर बाबर आजम की जिम्मेदारी होगी, जबकि कप्तान मोहम्मद रिजवान चौथे नंबर पर बैटिंग करेंगे। इसके बाद सलमान अली आगा और हसन नवाज टीम को मजबूत करेंगे, जबकि फहीम अशरफ सातवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतर सकते हैं।
इस वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में पाकिस्तान की गेंदबाजी आक्रमण में शाहीन अफरीदी, नसीम शाह, अबरार अहमद और मोहम्मद नवाज होंगे। शाहीन अफरीदी इससे पहले वेस्टइंडीज के खिलाफ तीनों टी20 मैच में खेले थे, लेकिन नसीम शाह टी20 टीम का हिस्सा नहीं थे और वो वनडे सीरीज में खेलते हुए नजर आएंगे। अबरार और मोहम्मद नवाज के हाथों में स्पिन अटैक की जिम्मेदारी होगी।
पहले वनडे के लिए पाकिस्तान की संभावित प्लेइंग इलेवन
अब्दुल्ला शफीक, सैम अयूब, बाबर आजम, मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर/कप्तान), सलमान अली आगा, हसन नवाज, फहीम अशरफ, मोहम्मद नवाज, शाहीन अफरीदी, नसीम शाह, अबरार अहमद।


