34.2 C
New Delhi
Saturday, March 14, 2026

रोहित-विराट के भविष्य पर BCCI का रुख, क्या सिडनी में होगा विदाई मैच?

नई दिल्ली: दिग्गज भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली और रोहित शर्मा के वनडे भविष्य को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच बीसीसीआई कोई जल्दबाजी में फैसला लेने के मूड में नहीं है। अगस्त में प्रस्तावित बांग्लादेश दौरा रद्द होने के बाद भारत का अगला वनडे मुकाबला ऑस्ट्रेलिया में 19 से 25 अक्टूबर के बीच खेली जाने वाली तीन मैचों की सीरीज में होगा। बीसीसीआई के अंदर एक विचार यह भी है कि इस अनुभवी जोड़ी को ऑस्ट्रेलिया दौरे की तैयारी के लिए इंडिया ‘ए’ टीम के साथ खेलने के लिए कहा जा सकता है। ऑस्ट्रेलिया ‘ए’ टीम 30 सितंबर, 3 अक्टूबर और 5 अक्टूबर को कानपुर में तीन लिस्ट ‘ए’ मैच खेलेगी। गौरतलब है कि कोहली और रोहित वनडे में मिलकर 83 शतक और 25,000 से ज्यादा रन बना चुके हैं।

रोहित-कोहली के वनडे भविष्य पर सवाल बरकरार

भारतीय क्रिकेट में इस बात पर चर्चा जोर पकड़ रही है कि अक्टूबर 2027 में होने वाले वनडे विश्व कप तक रोहित शर्मा 40 वर्ष और विराट कोहली 39 वर्ष के हो जाएंगे। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या ये दोनों दिग्गज तब तक टीम में टिके रह पाएंगे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, “अगर उनके मन में कोई योजना है, तो जाहिर है कि वे इसे बीसीसीआई के शीर्ष पदाधिकारियों के साथ साझा करेंगे, जैसे उन्होंने इंग्लैंड टेस्ट दौरे से पहले किया था।”

फिलहाल फोकस एशिया कप टी20 पर

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा, “भारतीय टीम के नजरिए से देखें तो अगला बड़ा टूर्नामेंट फरवरी में होने वाला टी20 विश्व कप है और फिलहाल फोकस उससे जुड़ी तैयारियों पर है। इस समय ध्यान एशिया कप टी20 टूर्नामेंट के लिए सर्वश्रेष्ठ टीम भेजने पर होगा, और उम्मीद है कि सभी खिलाड़ी फिट और उपलब्ध रहेंगे।” बीसीसीआई आमतौर पर जल्दबाजी में फैसला नहीं लेता और रोहित व कोहली जैसे दो खिलाड़ियों के विशाल प्रशंसक वर्ग को देखते हुए किसी भी संवेदनशील फैसले से पहले वह हमेशा लोगों की भावनाओं को परखने की कोशिश करता है।

आईपीएल के बाद रोहित-कोहली नहीं खेले कोई मैच

रोहित शर्मा और विराट कोहली ने भारत के लिए आखिरी बार दुबई में चैंपियंस ट्रॉफी में हिस्सा लिया था। इस टूर्नामेंट में विराट कोहली ने पाकिस्तान के खिलाफ ग्रुप चरण में लक्ष्य का पीछा करते हुए शानदार शतक जड़ा था, जबकि रोहित शर्मा ने फाइनल में लक्ष्य का पीछा करते हुए बेहतरीन अर्धशतक बनाया था। हालांकि, इंडियन प्रीमियर लीग 2025 (आईपीएल 2025) के बाद से रोहित और कोहली ने कोई भी प्रतिस्पर्धी क्रिकेट नहीं खेला है।

कोहली ने शुरू किया अभ्यास सत्र

विराट कोहली फिलहाल लंदन में रहते हैं और हाल ही में उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी शेयर की, जिसमें वह इंडोर नेट सत्र में अभ्यास करते हुए नजर आए। इससे साफ संकेत मिलता है कि उन्होंने तैयारी शुरू कर दी है। वहीं, रोहित शर्मा आईपीएल के बाद छुट्टियां मनाने इंग्लैंड गए थे और हाल ही में मुंबई लौटे हैं। उम्मीद है कि वह भी आने वाले कुछ दिनों में अभ्यास शुरू कर देंगे।

सिडनी में विदाई मैच को लेकर कोई चर्चा नहीं

मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि बीसीसीआई रोहित शर्मा और विराट कोहली को 25 अक्टूबर को सिडनी में विदाई मैच खेलने का प्रस्ताव दे रहा है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इस बारे में अभी तक कोई चर्चा नहीं हुई है। गौरतलब है कि विजय हजारे ट्रॉफी (राष्ट्रीय एकदिवसीय टूर्नामेंट) का आयोजन 24 दिसंबर से शुरू होना है और उससे पहले भारतीय टीम को छह वनडे मुकाबले खेलने हैं।

विजय हजारे ट्रॉफी से पहले छह वनडे

ऑस्ट्रेलिया दौरे के बाद नवंबर में भारत घरेलू सरजमीं पर साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलेगा। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, “अगर वे विजय हजारे ट्रॉफी में भी हिस्सा लेते हैं, तो उससे पहले छह वनडे मैच खेले जाएंगे। ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज के बीच इंडिया ‘ए’ और साउथ अफ्रीका ‘ए’ टीमों के बीच तीन लिस्ट ‘ए’ (50 ओवर) मैच क्रमशः 13, 16 और 19 नवंबर को राजकोट में खेले जाएंगे।”

साउथ अफ्रीका सीरीज से पहले खेले जाएंगे तीन लिस्ट ए मैच

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा, ‘‘ऐसे में सवाल यह है कि क्या यह जोड़ी साउथ अफ्रीका सीरीज से पहले तीन लिस्ट ‘ए’ मैच या दो मैच खेलना चाहेगी। इससे भी अधिक अहम यह है कि क्या अजीत अगरकर और उनके साथी चयनकर्ता ऐसा चाहेंगे। विजय हजारे ट्रॉफी का आयोजन 24 दिसंबर 2025 से 18 जनवरी 2026 तक होगा। इसी दौरान भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन वनडे मैच (11, 14 और 18 जनवरी) भी खेले जाएंगे। ऐसे में अगर वे विजय हजारे ट्रॉफी में खेलते हैं, तो यह दो या तीन मैचों से ज्यादा नहीं हो सकता।’’

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

15,780FansLike
2,290FollowersFollow
5,445SubscribersSubscribe

Latest Articles