नई दिल्ली: दिग्गज टेनिस खिलाड़ी वीनस विलियम्स जल्द ही ‘बार्बी डॉल’ के रूप में नजर आएंगी। गुड़िया निर्माता कंपनी ने प्रेरणादायी महिलाओं की अपनी विशेष सीरीज में वीनस को शामिल करते हुए यह डॉल तैयार की है, जिसे शुक्रवार को जारी किया जाएगा। इस बार्बी डॉल को वही पोशाक पहनाई गई है, जो वीनस ने 2007 में विंबलडन चैंपियन बनने के दौरान पहनी थी। उल्लेखनीय है कि उसी वर्ष पहली बार किसी ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट में महिलाओं को पुरुषों के बराबर पुरस्कार राशि दी गई थी। 38 डॉलर की कीमत वाली इस डॉल में वीनस पूरी तरह सफेद पोशाक में होंगी, गले में हरे रंग का रत्न जड़ा हार, कलाई में बैंड, हाथों में रैकेट और टेनिस बॉल के साथ।

