न्यूयॉर्क: वीनस विलियम्स दो साल के अंतराल के बाद यूएस ओपन के साथ ग्रैंडस्लैम टेनिस में वापसी करने जा रही हैं। बुधवार को उन्हें वर्ष के आखिरी ग्रैंडस्लैम में 45 साल की उम्र में एकल मुकाबलों में खेलने के लिए वाइल्ड कार्ड प्रदान किया गया। अंतरराष्ट्रीय टेनिस महासंघ के अनुसार, 1981 में रेनी रिचर्ड्स के 47 वर्ष की उम्र में खेलने के बाद वीनस इस टूर्नामेंट के एकल मुकाबलों में हिस्सा लेने वाली सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बनेंगी। विलियम्स को अगले हफ्ते होने वाले मिश्रित युगल मुकाबले के लिए अमेरिकी टेनिस संघ द्वारा पहले ही वाइल्ड कार्ड मिल गया था। एकल मुकाबले 24 अगस्त से न्यूयॉर्क में शुरू होंगे। वीनस सात बड़े एकल खिताब जीतने वाली खिलाड़ी हैं जिसमें 2000 और 2001 में यूएस ओपन जीतना शामिल है।


