भोपाल। 30वें राष्ट्रीय नेशनल स्पोटर्स टाइम्स (एनएसटी) खेल अवॉर्ड समारोह का आयोजन 5 सितंबर 2025 को समन्वय भवन, भोपाल में किया जाएगा। समारोह में देश-प्रदेश के 30 नामी-गिरामी खिलाडिय़ों को सम्मानित किया जाएगा। गत वर्ष भी समारोह में 30 खिलाडिय़ों को सम्मानित किया गया था। अवॉर्ड की घोषणा 25 अगस्त 2025 को की जाएगी। यह अवार्ड कुल 11 कैटीगरीज में दिया जाएगा। खेल समारोह के पूर्व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन खिलाड़ियों एवं कलाकारों द्वारा किया जाएगा।

नेशनल स्पोटर्स टाइम्स के संपादक एवं आयोजन सचिव इंद्रजीत मौर्य ने बताया कि खेल समारोह में स्पोट्र्स मैन ऑफ द ईयर, मप्र खेल रत्न, श्रेष्ठ खिलाड़ी, प्रतिभा खिलाड़ी, लाइफ टाइम, प्रशिक्षक, खेल प्रमोटर, खेल पत्रकार एवं खेल संस्थानों स्कूल, कॉलेज एवं क्लब को अवॉर्ड दिया जाएगा। कार्यक्रम में खिलाडिय़ों को अवॉर्ड, सम्मान-पत्र, शाल, श्रीफल प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। इन्द्रजीत मौर्य ने बताया कि इस खेल कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य खेलों-खिलाडिय़ों को बढ़ावा देना रहता है। जिसे हम पिछले 29 वर्षों से निरंतर आयोजित कर रहे हैं। कार्यक्रम को भव्य रूप देने के लिए तैयारियां भी शुरू कर दी गई है। कार्यक्रम में देश के करीब एक हजार से अधिक नामी-गिरामी खिलाडिय़ों को अब तक सम्मानित किया जा चुका है। यह समारोह खेल-खिलाडिय़ों को प्रोत्साहन देने के तहत 1996 में शुरू किया गया था, जो आज तक निरंतर जारी है। वर्ष 1994 में शुरू हुई खेल पत्रिका नेशनल स्पोट्र्स टाइम्स ने हाल ही में अपने 32 वें वर्ष में प्रवेश किया है।

