नई दिल्ली. इंडोनेशिया के टैंगरांग में हुई एशिया-प्रशांत गोल्फ कन्फेडरेशन (APGC) मिड-अमैच्योर चैंपियनशिप में भारतीय सेना के लेफ्टिनेंट कर्नल वरुण परमार ने शानदार प्रदर्शन किया। तीन दिन तक चले मुकाबले में उन्होंने 72, 68 और 76 का स्कोर बनाकर कुल ईवन-पार 216 के साथ कुल मिलाकर पांचवां स्थान और कैटेगरी C (आयु 38-46) में उपविजेता का खिताब जीता। 43 वर्षीय वरुण परमार इंडियन गोल्फ यूनियन (IGU) द्वारा भेजी गई चार सदस्यीय टीम का हिस्सा थे। उन्होंने दूसरे राउंड में ग्रैडिंग राया गोल्फ क्लब में बेहतरीन चार-अंडर 68 का स्कोर बनाकर बढ़त हासिल की। यह गोल्फ कोर्स मशहूर ग्रैम मार्श ने डिजाइन किया है। वरुण का यह साल काफी सफल रहा है। जून में उन्होंने केन्या में वर्ल्ड मिलिट्री गोल्फ चैंपियनशिप जीती थी और साल की शुरुआत में आईजीयू सीनियर एवं मिड-अमैच्योर चैंपियनशिप में उपविजेता रहे थे।
टीम के अन्य भारतीय खिलाड़ियों में अर्जुन सिंह ने कैटेगरी C में तीसरा और कुल मिलाकर सातवां स्थान (दो-अवर 218) हासिल किया। रणजीत सिंह संयुक्त रूप से नौवें (चार-अवर 220) और सिमरजीत सिंह संयुक्त 21वें स्थान (14-अवर 230) पर रहे। निजी एंट्री से खेल रहे अशिष कपूर ने कैटेगरी D (47 वर्ष से ऊपर) में संयुक्त दूसरा स्थान प्राप्त किया।
वरुण परमार ने कहा कि यह मेरा पहला इंडोनेशिया दौरा था। मौसम कठिन था लेकिन मैंने खेल पर पकड़ बनाए रखी। यह मेरे लिए बड़ी सीख है। उन्होंने अपने साथियों के प्रदर्शन की भी तारीफ की। अर्जुन सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के सप्ताह में देश का प्रतिनिधित्व करना गर्व की बात है। पहली बार आयोजित हुई APGC मिड-अमैच्योर चैंपियनशिप में खेलना शानदार अनुभव रहा।


