मुंबई. मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के बेटे और क्रिकेटर अर्जुन तेंदुलकर (25) की बुधवार को मुंबई में सगाई हो गई। उनकी मंगेतर सानिया चंडोक मुंबई के मशहूर बिजनेसमैन रवि घई की पोती और गौरव घई की बेटी हैं। यह समारोह पूरी तरह निजी रखा गया, जिसमें सिर्फ दोनों परिवारों के करीबी लोग मौजूद थे। तेंदुलकर और घई परिवार ने इस बारे में मीडिया में कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की। सानिया एक बिजनेस फैमिली से ताल्लुक रखती हैं, लेकिन वे लाइमलाइट से दूर रहती हैं। वे मुंबई में Mr. Paws Pet Spa & Store LLP की पार्टनर और डायरेक्टर हैं, जो पालतू जानवरों की स्किनकेयर, ग्रूमिंग और संबंधित सेवाएं देता है। इस वेंचर की शुरुआत 2022 में महज एक लाख रुपए की पूंजी से हुई थी।
सानिया का परिवार हॉस्पिटैलिटी और फूड इंडस्ट्री का बड़ा नाम है। रवि घई Gravis Hospitality Limited के चेयरमैन हैं और इंटरकॉन्टिनेंटल होटल्स ग्रुप से जुड़े हैं, जिसकी वैश्विक वैल्यू करीब 1.6 लाख करोड़ रुपए है। घई परिवार फेमस Brooklyn Creamery आइसक्रीम ब्रांड के भी मालिक हैं। अर्जुन तेंदुलकर एक लेफ्ट-आर्म फास्ट बॉलिंग ऑलराउंडर हैं। उन्होंने मुंबई अंडर-16, अंडर-19 और अंडर-23 टीमों के लिए खेला है। 2018 में वे श्रीलंका के खिलाफ भारतीय अंडर-19 टीम से खेले। 2020 में उन्होंने मुंबई के लिए सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में डेब्यू किया। IPL में 2021 में मुंबई इंडियंस ने उन्हें खरीदा, लेकिन उन्हें खेलने का मौका 2023 में मिला। इसके बाद वे गोवा की रणजी टीम से जुड़े और पहले ही मैच में शतक जमाया। सोशल मीडिया पर सानिया और अर्जुन की तस्वीरें वायरल हो रही हैं, जिनमें दोनों साथ नजर आ रहे हैं। इस सगाई के बाद अब फैंस उनकी शादी को लेकर भी उत्साहित हैं।


