लियोनेल मेसी का भारत दौरा 12 दिसंबर से, कोलकाता से होगी शुरुआत
नई दिल्ली. फुटबॉल के महानतम खिलाड़ियों में शुमार अर्जेंटीना के सुपरस्टार लियोनेल मेसी एक बार फिर भारत आ रहे हैं। उनके ग्रेटेस्ट ऑफ ऑल टाइम (GOAT) टूर को हरी झंडी मिल गई है। यह दौरा 12 दिसंबर से कोलकाता में शुरू होगा और 15 दिसंबर को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के साथ समाप्त होगा। मेसी 2011 के बाद पहली बार भारत आ रहे हैं। उस वक्त उन्होंने अर्जेंटीना टीम के साथ कोलकाता के साल्ट लेक स्टेडियम में वेनेजुएला के खिलाफ एक फ्रेंडली मैच खेला था। इस बार उनका दौरा कोलकाता, अहमदाबाद, मुंबई और दिल्ली तक फैला होगा।
कोलकाता में खास कार्यक्रम और मास्टरक्लास
इवेंट प्रमोटर सतद्रु दत्ता ने बताया कि मेसी 12 दिसंबर की रात को कोलकाता पहुंचेंगे और दो दिन रुकेंगे। 13 दिसंबर की सुबह उनका मीट-एंड-ग्रीट कार्यक्रम, खास फूड और चाय फेस्टिवल होगा, जिसमें अर्जेंटीना की माटे चाय और असम टी का फ्यूजन पेश किया जाएगा। बंगाली फिश और मिठाइयां भी मेन्यू में होंगी।उसी दिन उनका अब तक का सबसे बड़ा स्टैच्यू अनावरण होगा। शाम को GOAT कॉन्सर्ट और 7-खिलाड़ियों का फुटबॉल मैच खेला जाएगा, जिसमें मेसी के साथ सौरव गांगुली, लिएंडर पेस, जॉन अब्राहम और बाइचुंग भूटिया जैसे स्टार्स खेलेंगे। साथ ही 25 फीट ऊंचा और 20 फीट चौड़ा एक विशाल म्यूरल भी बनाया जाएगा, जिस पर फैंस अपने संदेश लिख सकेंगे।
अहमदाबाद और मुंबई में ग्लैमरस इवेंट्स
कोलकाता के बाद मेसी 13 दिसंबर की शाम को अहमदाबाद जाएंगे, जहां अडाणी फाउंडेशन के निजी कार्यक्रम में शामिल होंगे। 14 दिसंबर को मुंबई के CCI ब्रेबॉर्न क्लब में मीट-एंड-ग्रीट, फिर वानखेड़े स्टेडियम में GOAT कॉन्सर्ट और GOAT कप आयोजित होगा। इसमें मेसी, शाहरुख खान, लिएंडर पेस और अन्य सेलिब्रिटी पैडल खेलते नजर आएंगे। मुंबई में “मास्टर ब्लास्टर्स मोमेंट” भी होगा, जिसमें मेसी के साथ सचिन तेंदुलकर, एमएस धोनी, रोहित शर्मा और बॉलीवुड स्टार्स रणवीर सिंह, आमिर खान, टाइगर श्रॉफ शामिल रहेंगे।
दिल्ली में समापन
15 दिसंबर को मेसी दिल्ली पहुंचेंगे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। इसके बाद विराट कोहली और शुभमन गिल के साथ फिरोजशाह कोटला मैदान में फ्रेंडली फुटबॉल मैच खेलेंगे।
सुरक्षा और टिकट व्यवस्था
मेसी के सभी कार्यक्रमों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे। आयोजकों को उम्मीद है कि सभी इवेंट हाउसफुल रहेंगे। टिकटों की शुरुआती कीमत 3,500 रुपये होगी। दुनिया भर में फुटबॉल के चाहने वालों के लिए यह दौरा एक यादगार मौका होगा, जिसमें मैदान और मंच दोनों पर खेल और ग्लैमर का अनोखा संगम देखने को मिलेगा।

