कैर्न्स। ग्लेन मैक्सवेल की धुआंधार बल्लेबाजी ने ऑस्ट्रेलिया को तीसरे टी-20 में रोमांचक जीत दिलाई। उन्होंने 62 रनों की नाबाद पारी खेली और आखिरी ओवर में टीम को 2 विकेट से जीत दिलाकर सीरीज 2-1 से अपने नाम कराई। मैक्सवेल की इस पारी में 8 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। उन्होंने जीत दिलाने वाली बाउंड्री भी लगाई। कैर्न्स के कैजलील स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 172 रन बनाए। युवा बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस ने 53 रन बनाए, जबकि रासी वान डर डसन ने 38 रन जोड़े। ट्रिस्टन स्टब्स ने 25 रन की अहम पारी खेली। गेंदबाजी में ऑस्ट्रेलिया के नाथन एलिस सबसे सफल रहे। उन्होंने 4 ओवर में 28 रन देकर 3 विकेट चटकाए। जोश हेजलवुड और एडम जम्पा ने 2-2 विकेट झटके।
लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत शानदार रही। कप्तान मिचेल मार्श ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 35 गेंदों पर 54 रन बनाए। उन्होंने 7 चौके और 2 छक्के जड़े। मार्श ने ट्रैविस हेड (19 रन) के साथ पहले विकेट के लिए 66 रन जोड़े। हालांकि, बीच के ओवरों में कगिसो रबाडा और क्वेना मफाका ने साउथ अफ्रीका को मैच में वापसी कराई। रबाडा ने 2 विकेट लिए, जबकि मफाका और कॉर्बिन बॉश को भी 2-2 सफलता मिली। 19वें ओवर में कॉर्बिन बॉश ने लगातार दो विकेट लेकर मैच को रोमांचक बना दिया। लेकिन मैक्सवेल ने धैर्य और आक्रामकता के संतुलन से खेलते हुए टीम को जीत दिला दी। उनकी पारी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने पहला टी-20 जीता था, जबकि साउथ अफ्रीका ने दूसरा मैच 53 रन से जीतकर सीरीज बराबर की थी। निर्णायक तीसरे मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने जीत दर्ज कर सीरीज पर कब्जा किया। टिम डेविड को उनके निरंतर प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया। अब दोनों टीमों के बीच वनडे सीरीज 19 अगस्त से कैर्न्स में ही शुरू होगी।

