डीपीएल 2025: वेस्ट दिल्ली लायंस की धमाकेदार जीत, न्यू दिल्ली टाइगर्स की पांचवीं

0

नई दिल्ली। दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2025 के 23वें मुकाबले में वेस्ट दिल्ली लायंस ने न्यू दिल्ली टाइगर्स को 15 रन से मात दी। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मैच का नतीजा डकवर्थ-लुईस नियम से निकला। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टाइगर्स की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने शुरुआती तीन गेंदों में ही दो विकेट गंवा दिए और स्कोरबोर्ड पर खाता भी नहीं खुला था। ध्रुव कौशिक (10) और केशव दलाल (4) जल्दी आउट हो गए। टीम 17 रन पर चार विकेट खो चुकी थी। इसके बाद कप्तान हिम्मत सिंह (30) और वैभव रावल (58, 50 गेंद, 2 छक्के, 5 चौके) ने 69 रन की अहम साझेदारी कर पारी को संभाला। निर्धारित 20 ओवर में टाइगर्स ने आठ विकेट पर 138 रन बनाए। लायंस की ओर से मनन भारद्वाज ने तीन विकेट लिए, जबकि अनिरुद्ध चौधरी और शुभम दुबे को दो-दो सफलता मिली। जवाब में वेस्ट दिल्ली लायंस ने 7.1 ओवर में दो विकेट पर 61 रन बना लिए थे। तभी बारिश ने खेल रोक दिया और डीएलएस नियम के तहत लायंस को 15 रन से विजेता घोषित कर दिया गया। अंकित कुमार ने 14 गेंदों पर 25 रन की तेज पारी खेली, वहीं आयुष दोसेजा ने 13 रन बनाए। टाइगर्स की ओर से पार्थ बाली और प्रिंस यादव को एक-एक सफलता मिली। इस जीत से वेस्ट दिल्ली लायंस ने छह में से तीन मैच जीतकर अंकतालिका में तीसरा स्थान हासिल कर लिया। दूसरी ओर, न्यू दिल्ली टाइगर्स को लगातार पांचवीं हार झेलनी पड़ी और टीम अब तक केवल एक जीत के साथ सबसे निचले पायदान पर है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here