नई दिल्ली: साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीसरे टी20 मैच में ग्लेन मैक्सवेल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया को 2 विकेट से रोमांचक जीत दिलाई। 173 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलियाई टीम 122 रनों पर 6 विकेट गंवा चुकी थी और मुश्किल हालात में नजर आ रही थी। ऐसे समय में मैक्सवेल ने मोर्चा संभालते हुए आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की और पारी को संभालते हुए मैच को अपनी टीम के पक्ष में कर दिया। एक बार क्रीज पर टिकने के बाद उनके बल्ले से लगातार रन निकले और आखिरकार उन्होंने अफ्रीका के जबड़े से जीत छीनकर ऑस्ट्रेलिया को सीरीज में मजबूत बढ़त दिला दी।
मैक्सवेल ने जोस बटलर को पीछे किया
ग्लेन मैक्सवेल ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीसरे टी20 में 36 गेंदों पर 62 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें आठ चौके और दो छक्के शामिल थे। उनकी इस दमदार बल्लेबाजी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड भी मिला। इसी के साथ मैक्सवेल ने एक खास रिकॉर्ड अपने नाम किया और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सफल रन चेज में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में इंग्लैंड के जोस बटलर को पीछे छोड़ दिया। मैक्सवेल के नाम अब तक सफल रन चेज में 1231 रन दर्ज हो चुके हैं, जबकि बटलर 1213 रनों के साथ दूसरे स्थान पर खिसक गए हैं।
मैक्सवेल कोहली का रिकॉर्ड तोड़ने से 421 रन दूर
टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट के सफल रन चेज में सबसे ज्यादा रन बनाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली के नाम है। कोहली अब तक 1651 रन बना चुके हैं और इस दौरान उन्होंने 16 अर्धशतक भी लगाए हैं। इस सूची में पाकिस्तान के बाबर आजम 1403 रनों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। वहीं, ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल 1230 से अधिक रन बनाकर तीसरे स्थान पर मौजूद हैं और कोहली के रिकॉर्ड को तोड़ने से 421 रन दूर हैं। अगर मैक्सवेल आगामी टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में लगातार अच्छा प्रदर्शन करते हैं, तो वह ‘किंग कोहली’ का यह वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं।
मैक्सवेल T20I क्रिकेट में लगा चुके पांच शतक
ऑस्ट्रेलिया के धाकड़ ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने साल 2011 में टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था और तब से अब तक वह टीम का अहम हिस्सा बने हुए हैं। मैक्सवेल ने अब तक 149 टी20आई मुकाबलों में कुल 2833 रन बनाए हैं, जिसमें उनके बल्ले से पांच शतक और 12 अर्धशतक निकले हैं। बल्लेबाजी के अलावा उन्होंने गेंदबाजी में भी अपना कमाल दिखाया है और टी20आई करियर में अब तक 77 विकेट अपने नाम किए हैं।


