सूर्यकुमार यादव फिट होकर लौटे: एशिया कप में भारत की करेंगे कप्तानी

0

मुंबई. भारतीय टी-20 क्रिकेट टीम को बड़ा राहत भरा समाचार मिला है। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने फिटनेस टेस्ट पास कर लिया है और अब वे एशिया कप 2025 में टीम इंडिया की अगुवाई करेंगे। टूर्नामेंट की शुरुआत 9 सितंबर से होगी। 34 वर्षीय सूर्यकुमार यादव की फिटनेस को लेकर लंबे समय से सवाल उठ रहे थे। IPL 2025 के बाद उन्हें स्पोर्ट्स हर्निया की समस्या हुई थी। इसके चलते उन्होंने जून में जर्मनी के म्यूनिख में सर्जरी कराई थी। सर्जरी के बाद उन्होंने बेंगलुरु के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) में अपना रिहैब प्रोग्राम पूरा किया और हाल ही में मेडिकल टीम ने उन्हें पूरी तरह फिट घोषित कर दिया। फिटनेस हासिल करने के बाद सूर्यकुमार अब 19 अगस्त को मुंबई में चयन समिति के अध्यक्ष अजित अगरकर के साथ मिलकर भारतीय टीम का चयन करेंगे। चयन बैठक में 15 खिलाड़ियों की टीम तय की जाएगी।

सर्जरी के समय सूर्यकुमार ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था कि ऑपरेशन सफल रहा है और वे जल्द ही मैदान पर वापसी करेंगे। उनकी यह भविष्यवाणी सही साबित हुई है। IPL 2025 में सूर्यकुमार यादव का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा था। मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए उन्होंने 717 रन बनाए। वे पूरे टूर्नामेंट में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उनसे आगे सिर्फ गुजरात टाइटंस के साई सुदर्शन (759 रन) थे। सूर्यकुमार मुंबई इंडियंस के लिए एक सीजन में 600 से ज्यादा रन बनाने वाले सचिन तेंदुलकर के बाद दूसरे बल्लेबाज बने।

एशिया कप में भारत का पहला मैच 10 सितंबर को UAE से होगा। इसके बाद 14 सितंबर को भारत-पाकिस्तान का हाईवोल्टेज मुकाबला खेला जाएगा। भारत का तीसरा ग्रुप मैच 19 सितंबर को ओमान के खिलाफ होगा। अगर भारत और पाकिस्तान सुपर-4 में पहुंचे तो 21 सितंबर को दोनों टीमें फिर आमने-सामने होंगी। वहीं फाइनल 28 सितंबर को खेला जाएगा। सूर्यकुमार की वापसी से भारतीय टीम को मजबूती मिलेगी। वे सिर्फ बल्लेबाजी ही नहीं, बल्कि आक्रामक कप्तानी के लिए भी जाने जाते हैं। ऐसे में एशिया कप में उनका प्रदर्शन टीम इंडिया के अभियान के लिए बेहद अहम साबित हो सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here