नीरज चोपड़ा डायमंड लीग फाइनल के लिए क्वालिफाई, इस दिन होगा मुकाबला

0

नई दिल्ली: भारत के स्टार भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा ने डायमंड लीग 2025 फाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया है। यह प्रतिष्ठित मुकाबला स्विट्जरलैंड के ज्यूरिख में 27 और 28 अगस्त को आयोजित होगा। गत विश्व चैंपियन नीरज ने 16 अगस्त को पोलैंड के सिलेसिया डायमंड लीग मीट में भाग नहीं लिया था और उनके 22 अगस्त को ब्रसेल्स में होने वाले अगले डायमंड लीग चरण में हिस्सा लेने की कोई जानकारी अभी तक नहीं है।

नीरज चोपड़ा ने कब्जा किया तीसरा स्थान

हालांकि, यह तय है कि नीरज चोपड़ा ब्रसेल्स में हिस्सा लें या नहीं, इससे उनके डायमंड लीग फाइनल की क्वालीफिकेशन पर कोई असर नहीं पड़ेगा। सिलेसिया चरण के बाद जारी नवीनतम तालिका के अनुसार, नीरज ने दो डायमंड लीग मीट में हिस्सा लिया और 15 अंक लेकर तीसरे स्थान पर हैं। उन्होंने एक मीट में शीर्ष स्थान और दूसरे में दूसरा स्थान हासिल किया। नीरज से आगे 17 अंक के साथ केशोर्न वालकॉट और 15 अंकों के साथ जूलियन वेबर हैं। ब्रसेल्स चरण के बाद तालिका में शीर्ष छह एथलीट ही ज्यूरिख में होने वाले डायमंड लीग फाइनल के लिए क्वालिफाई करेंगे।

नीरज चोपड़ा का इस सीजन प्रदर्शन शानदार रहा

नीरज चोपड़ा ने आखिरी बार पांच जुलाई को बंगलूरू में हुए नीरज चोपड़ा क्लासिक में हिस्सा लिया, जहाँ उन्होंने 86.18 मीटर का थ्रो कर खिताब अपने नाम किया। इस सीजन नीरज का प्रदर्शन शानदार रहा है। मई में उन्होंने दोहा डायमंड लीग में बहुप्रतिक्षित 90 मीटर का आंकड़ा पार करते हुए 90.23 मीटर का अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो किया और जूलियन वेबर के बाद दूसरे स्थान पर रहे। इसके बाद जून में पेरिस डायमंड लीग में उन्होंने 88.16 मीटर का थ्रो कर पहला स्थान हासिल किया। नीरज 13 से 21 सितंबर तक टोक्यो में होने वाले विश्व चैंपियनशिप में अपने खिताब का बचाव करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here