– भोपाल को मिलेगा नया खेल मैदान, बीडीसीए ने सम्मानित किए खिलाड़ी और वरिष्ठ सदस्य
(NST News) भोपाल. राजधानी में रविवार को भोपाल डिवीजन क्रिकेट एसोसिएशन (बीडीसीए) की वार्षिक साधारण सभा का आयोजन मोटल शिराज में किया गया। सभा बताया कि भोपाल संभाग क्रिकेट संघ को मध्य प्रदेश क्रिकेट संघ द्वारा वर्ष 2023-24 और 2024-25 में इंटर डिविजनल टूर्नामेंट जीतने पर इंदौर में पुरस्कृत किया गया। पिछले दो वर्षों में कई प्रतियोगिताएं जीतने के बाद भोपाल की टीम नंबर दो स्थान पर रही। कार्यक्रम में सभी पदाधिकारियों और सदस्यों ने संकल्प लिया कि क्रिकेट को संभाग में और लोकप्रिय बनाने तथा खिलाड़ियों के विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे। इस अवसर पर संभाग के वरिष्ठ सदस्य अजय मिश्रा, माजिद रज़ा ख़ान, अमीन मोहम्मद ख़ान, पलविंदर सिंह संधू, रवि सेठी और शिखा बाबा को सम्मानित किया गया। साथ ही उभरते खिलाड़ियों में विकास शर्मा, ग्रंथ प्रजापति, रुद्र तोमर, अनमोल मुंडा और निशिता विश्वकर्मा को सम्मानित किया गया। सभा में बीडीसीए अध्यक्ष ध्रुवनारायण सिंह ने बताया कि मध्यप्रदेश गृह निर्माण मंडल की ओर से अयोध्या बायपास पर नया खेल मैदान बनाया जा रहा है।
इसके लिए नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का धन्यवाद व्यक्त किया गया। उन्होंने कहा कि आने वाला क्रिकेट सीजन खिलाड़ियों के लिए अहम अवसर लेकर आएगा। इस दौरान मैदानों की स्थिति, खिलाड़ियों की तैयारियों और संचालन से जुड़ी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही सभी क्लबों और खिलाड़ियों का रजिस्ट्रेशन भी किया गया। अध्यक्ष सिंह ने मैदानों और पिचों को बेहतर बनाने के निर्देश दिए ताकि खिलाड़ियों को अच्छी सुविधाएं मिल सकें। बैठक में विभिन्न आयु वर्ग की प्रतियोगिताओं के आयोजन पर सहमति बनी, जिससे नई प्रतिभाओं को मंच मिल सके। उन्होंने कहा कि बीडीसीए का उद्देश्य सिर्फ टूर्नामेंट कराना नहीं, बल्कि खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना है। इस मौके पर बीडीसीए के चेयरमैन सैयद साजिद अली, सचिव शांति कुमार जैन समेत अन्य पदाधिकारी और प्रशिक्षक मौजूद रहे।


