शून्य से वापसी पर पृथ्वी शॉ का बड़ा बयान – सहानुभूति नहीं, बस खेल से मिलेगा सम्मान

0

नई दिल्ली: नए घरेलू सत्र से पहले महाराष्ट्र चले गए पृथ्वी शॉ का मानना है कि वह अपनी खोई हुई प्रतिष्ठा को फिर से हासिल कर सकते हैं। साल 2018 में टेस्ट पदार्पण पर शतक जड़ने वाले शॉ का करियर अनुशासन और फिटनेस से जुड़ी समस्याओं के कारण लगभग खत्म होने की कगार पर पहुंच गया था। उनकी घरेलू टीम मुंबई ने भी उन्हें बाहर कर दिया था। हालांकि, महाराष्ट्र से खेलने का मौका मिलने के बाद उन्होंने शानदार शुरुआत की और 19 अगस्त 2025 को बुची बाबू आमंत्रण टूर्नामेंट में छत्तीसगढ़ के खिलाफ 111 रन की पारी खेली।

महाराष्ट्र के लिए शतक, फिर भी चुनौतियां बरकरार

छत्तीसगढ़ की पहली पारी 252 रन पर खत्म हुई जिसके जवाब में महाराष्ट्र की टीम 217 रन पर सिमट गई। शॉ के शानदार शतक के बावजूद टीम पिछड़ गई। भारतीय टीम से बाहर होने के बाद शॉ न केवल राष्ट्रीय टीम की योजनाओं से बाहर हो गए, बल्कि आईपीएल में भी उन्हें कोई खरीदार नहीं मिला। वह दलीप ट्रॉफी और टारगेट पूल का हिस्सा भी नहीं बन पाए। ऐसे में अब उन्हें शून्य से शुरुआत करनी है।

शॉ बोले – ‘शून्य से शुरुआत करने में कोई परेशानी नहीं’

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार शॉ ने मैच के बाद कहा – “मुझे फिर से शून्य से शुरू करने में कोई परेशानी नहीं है क्योंकि मैंने जीवन में कई उतार-चढ़ाव देखे हैं। मैं ऊपर भी रहा हूं, नीचे भी गया हूं और फिर वापसी की है। मुझे भरोसा है कि यह सीजन मेरे लिए और मेरी टीम के लिए अच्छा जाएगा।”

बुनियादी बातों पर लौटे शॉ

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार शॉ ने बताया कि वह अपने अंडर-19 के दिनों की तरह बुनियादी चीजों पर ध्यान दे रहे हैं – “मैं बस वही कर रहा हूं जो मुझे भारतीय टीम तक ले गया था – ज्यादा अभ्यास, जिम, दौड़ना। ये छोटी-छोटी चीजें ही अहम फर्क डालती हैं।”

सोशल मीडिया से दूरी, फिटनेस पर फोकस

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार शॉ ने खुलासा किया कि पिछले तीन महीनों में उन्होंने अपने ट्रेनर के साथ फिटनेस पर मेहनत की है और सोशल मीडिया से दूरी बनाई है – “आजकल सोशल मीडिया काफी नकारात्मक है। जब मैं इससे दूर रहता हूं तो ज्यादा शांति महसूस होती है। अब मैं सिर्फ अपने खेल और खुद पर ध्यान दे रहा हूं।”

‘मुझे किसी की सहानुभूति नहीं चाहिए’

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार शॉ ने साफ कहा कि उन्हें किसी की हमदर्दी की ज़रूरत नहीं – “मुझे मेरे परिवार और दोस्तों का साथ मिला है, वही काफी है। मुझे किसी की सहानुभूति नहीं चाहिए। लोग अपने काम में व्यस्त हैं और यह मुझे परेशान नहीं करता।”

‘अब दिन-प्रतिदिन जीने की आदत डाल रहा हूं’

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार शॉ ने कहा कि पहले वे बहुत आगे की सोचने की कोशिश करते थे, जिससे नुकसान हुआ। अब वे सिर्फ वर्तमान में जीने और हर दिन को बेहतर बनाने पर ध्यान दे रहे हैं।

कोई भी हर चीज में परफेक्ट नहीं होता’

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए पृथ्वी शॉ ने कहा कि वह फिलहाल वर्तमान में रहने की कोशिश कर रहे हैं और उनका पूरा ध्यान अपनी फिटनेस और खेल को सुधारने पर है। उन्होंने कहा कि कोई भी हर चीज में परफेक्ट नहीं होता, लेकिन वह मैदान पर कड़ी ट्रेनिंग कर रहे हैं और अभ्यास सत्र में भी अपना 100% देने की कोशिश कर रहे हैं। पृथ्वी ने साफ किया कि इस समय उनकी मानसिकता सिर्फ मेहनत और निरंतर सुधार की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here