मुश्किल था गिल का चयन, फिर भी छिन गई अक्षर से उपकप्तानी, बाहर हुए जायसवाल

0

नई दिल्ली: सूर्यकुमार यादव एक महीने से भी कम समय में 35 वर्ष के होने वाले हैं और इसी वजह से भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल की किस्मत चमक गई। टीम प्रबंधन चाहता है कि टी20 में ऐसा कप्तान तैयार हो, जो लंबे समय तक टीम की सेवा दे सके। यही कारण है कि एशिया कप के लिए चुनी गई भारतीय टीम में गिल को उपकप्तान बनाया गया। मंगलवार को हुई चयन बैठक में इसी मुद्दे पर सबसे ज्यादा चर्चा हुई। ऑनलाइन जुड़े मुख्य कोच गौतम गंभीर ने भी माना कि भविष्य के लिए किसी को तैयार करना जरूरी है। अगले महीने 26 वर्ष के होने जा रहे गिल सबसे उपयुक्त विकल्प माने गए। इसके चलते अक्षर पटेल से उपकप्तानी छिन गई और यशस्वी जायसवाल को 15 सदस्यीय टीम में जगह नहीं मिली।

2025 में पहली बार टी20 टीम में शामिल हुए गिल

अजीत अगरकर की अगुआई वाली चयन समिति ने 2025 में पहली बार शुभमन गिल को टी20 टीम में जगह दी है। इंग्लैंड दौरे पर टेस्ट कप्तान के रूप में शानदार प्रदर्शन करने के बाद अब उनके 9 से 28 सितंबर तक यूएई में होने वाले टूर्नामेंट की प्लेइंग इलेवन में शामिल होने की पूरी संभावना है। चयन बैठक के बाद सूर्या और अगरकर ने साफ कहा कि गिल हमेशा से ही भारतीय टी20 टीम की पहली पसंद रहे हैं।

इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू T20 सीरीज से बाहर रहे गिल

सूर्यकुमार यादव ने कहा, “जब हम पिछले साल श्रीलंका में खेले थे, तब गिल उपकप्तान थे। लेकिन उसके बाद वे टेस्ट क्रिकेट में व्यस्त हो गए।” पिछले साल नवंबर में गिल साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज से चूक गए थे क्योंकि वे ऑस्ट्रेलिया में होने वाली बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी की तैयारी कर रहे थे। इसके बाद पीठ में ऐंठन की समस्या के चलते वे इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू टी20 सीरीज में भी नहीं खेल पाए।

इंग्लैंड दौरे से गिल की दावेदारी हुई और मजबूत

चयन समिति का मानना है कि गिल को मैच सोच-समझकर चुनने की सलाह दी गई थी। अगर वे साउथ अफ्रीका दौरे पर जाते और घरेलू सीरीज खेलते, तो उपकप्तान बने रहते। हालांकि इंग्लैंड में उन्होंने रनों का अंबार लगाकर और शानदार नेतृत्व क्षमता दिखाकर अपनी दावेदारी और मजबूत कर ली।

गिल का प्रदर्शन उम्मीदों से परे

गिल को विराट कोहली और रोहित शर्मा के बाद के दौर में भारतीय बल्लेबाज़ी की रीढ़ माना जा रहा है। चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर ने कहा, “हम उनमें नेतृत्व के गुण साफ़ तौर पर देखते हैं। इंग्लैंड में उनका प्रदर्शन वैसा ही रहा जैसी हमें उम्मीद थी, बल्कि उससे भी बेहतर। कप्तान के रूप में दबाव की स्थिति में उनका यह खेल एक बेहद सकारात्मक संकेत है।

मुश्किल हालात में हुआ गिल का चयन

शुरुआत में गिल चयनकर्ताओं की पहली पसंद नहीं थे। कुछ का मानना था कि उपकप्तानी की जिम्मेदारी अक्षर पटेल को ही मिलनी चाहिए। हालांकि चयन बैठक में अंततः यह सहमति बनी कि ऐसे खिलाड़ी पर भरोसा करना ज़्यादा सही है, जो लंबे समय तक भारतीय क्रिकेट की सेवा कर सके। पैनल को गिल के अलावा कोई और ऐसा उम्मीदवार नहीं दिखा, जिसे अगले पांच वर्षों के लिए यह जिम्मेदारी सौंपी जा सके।

टीम से बाहर हुए यशस्वी जायसवाल

गिल पहले से ही टेस्ट टीम की कप्तानी संभाल रहे हैं। ऐसे में चयनकर्ताओं को लगा कि भविष्य में सूर्यकुमार यादव की जगह लेने के लिए उन्हें तैयार करने का यह सही समय है। इसी कारण इंग्लैंड में शानदार प्रदर्शन करने वाले यशस्वी जायसवाल को टीम से बाहर होना पड़ा। गिल के उपकप्तान बनने के बाद अब चयनकर्ताओं और टीम प्रबंधन के सामने शीर्ष क्रम को लेकर नई चुनौती खड़ी हो गई है, क्योंकि संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा बतौर ओपनर बेहतरीन फॉर्म में नजर आए हैं।

एशिया कप के लिए भारतीय टीम

सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उप-कप्तान), अभिषेक शर्मा, हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, जितेश शर्मा, शिवम दुबे, अर्शदीप सिंह, संजू सैमसन, हर्षित राणा, तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव।
स्टैंडबाय: प्रसिद्ध कृष्णा, वाशिंगटन सुंदर, रियान पराग, ध्रुव जुरेल, यशस्वी जयसवाल।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here