Diamond League Finals: डायमंड लीग फाइनल में नीरज चोपड़ा को मिली जगह, ब्रसेल्स से स्टार एथलीट हटे

0

नई दिल्ली: भारत के स्टार भाला फेंक खिलाड़ी और मौजूदा विश्व चैंपियन नीरज चोपड़ा ने डाइमंड लीग फाइनल्स में जगह पक्की कर ली है, हालांकि वह शुक्रवार को बेल्जियम के ब्रसेल्स में होने वाले अंतिम चरण में हिस्सा नहीं लेंगे। इस बार डाइमंड लीग सीरीज में कुल 14 प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं, जिनमें से केवल चार में पुरुष भाला फेंक शामिल है। नीरज ने इनमें से केवल दो चरणों में भाग लिया, लेकिन स्विट्जरलैंड के ज्यूरिख में 28 अगस्त को होने वाले फाइनल्स के लिए क्वालिफाई करने में सफल रहे। इससे पहले उन्होंने 16 अगस्त को सिलेसिया चरण में भाग नहीं लिया था।

27 वर्षीय नीरज चोपड़ा ने इस सीजन की शुरुआत मई में दोहा डाइमंड लीग से की थी, जहां उन्होंने 90.23 मीटर का शानदार थ्रो कर 90 मीटर का आंकड़ा पार किया, हालांकि जर्मनी के जूलियन वेबर से पीछे रहकर दूसरे स्थान पर रहे। जून में पेरिस डाइमंड लीग में उन्होंने 88.16 मीटर का थ्रो कर खिताब अपने नाम किया। नीरज का पिछला टूर्नामेंट 5 जुलाई को बेंगलुरु में एनसी क्लासिक रहा, जहां उन्होंने 86.18 मीटर के प्रयास से जीत हासिल की। मौजूदा सीजन में अब तक उन्होंने छह प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया है, जिनमें चार में खिताब और दो में उपविजेता रहे। ब्रसेल्स चरण के बाद शीर्ष छह खिलाड़ी ज्यूरिख डाइमंड लीग फाइनल्स में उतरेंगे। नीरज चोपड़ा अब अगली बड़ी चुनौती के रूप में 13 से 21 सितंबर तक टोक्यो में होने वाली विश्व चैंपियनशिप में अपने खिताब का बचाव करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here