नई दिल्ली : भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर का अनुबंध जून 2026 तक बढ़ा दिया है। अजित अगरकर का कार्यकाल जून 2023 में शुरू हुआ था। उनके कार्यकाल में भारत ने 2024 में टी20 विश्व कप और इस साल की शुरुआत में चैंपियंस ट्रॉफी जीतकर आईसीसी टूर्नामेंट्स का सूखा खत्म किया। टेस्ट टीम में प्रभावशाली बदलाव के अलावा, टीम इंडिया घरेलू मैदान पर 2023 के वनडे विश्व कप के फाइनल में भी पहुंची थी।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, अजीत अगरकर का अनुबंध इंडियन प्रीमियर लीग 2025 से पहले ही नवीनीकृत कर दिया गया था। एक बीसीसीआई पदाधिकारी ने अख़बार को जानकारी दी कि अगरकर के कार्यकाल में भारतीय टीम ने न केवल खिताब जीते बल्कि टेस्ट और टी20 प्रारूप में अहम बदलाव भी देखने को मिले। पदाधिकारी के मुताबिक, बीसीसीआई ने उनका अनुबंध जून 2026 तक बढ़ा दिया था और अगरकर ने कुछ महीने पहले ही इस प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया था।
इस पूर्व ऑलराउंडर के नेतृत्व में भारतीय क्रिकेट ने एक अहम दौर का सामना किया, जिसमें तीन दिग्गज खिलाड़ियों—विराट कोहली, रोहित शर्मा और रविचंद्रन अश्विन—का विदाई मैच शामिल रहा। अश्विन ने सभी प्रारूपों से संन्यास ले लिया, जबकि रोहित और विराट अब केवल वनडे फॉर्मेट में खेलते नज़र आएंगे। इस बदलाव के साथ ही टीम इंडिया को नए कप्तानों की भी तलाश करनी पड़ी, जहां टेस्ट टीम की कमान शुभमन गिल को सौंपी गई और टी20 फॉर्मेट में सूर्यकुमार यादव को कप्तान नियुक्त किया गया।
एस शरत पर मंडरा रहा खतरा, चयन समिति से हटाए जा सकते हैं
वर्तमान चयन समिति में अजीत अगरकर, एसएस दास, सुब्रतो बनर्जी, अजय रात्रा और एस शरथ शामिल हैं। हालांकि, यह कयास लगाए जा रहे हैं कि सितंबर में होने वाली बीसीसीआई की वार्षिक आम सभा (AGM) के बाद सीनियर चयन समिति में बदलाव देखने को मिल सकते हैं। उल्लेखनीय है कि एस शरथ सितंबर 2021 में जूनियर चयन समिति के अध्यक्ष बने थे और जनवरी 2023 में उन्हें सीनियर चयन समिति में पदोन्नत किया गया था। अब सितंबर 2025 में उनके चार साल का कार्यकाल पूरा होने जा रहा है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, बोर्ड एस शरथ की जगह किसी नए चेहरे को शामिल कर सकता है और इसके लिए बीसीसीआई आगे चलकर नए सिरे से आवेदन आमंत्रित करेगा। हालांकि, यह अभी स्पष्ट नहीं है कि एसएस दास और सुब्रतो बनर्जी को बरकरार रखा जाएगा या नहीं। बोर्ड फिलहाल मौजूदा चयन समिति के कामकाज से संतुष्ट माना जा रहा है और अनुमान है कि पैनल में केवल एक बदलाव ही देखने को मिलेगा।
बीसीसीआई मांगेगा आवेदन, चयन समिति में होगा बदलाव
बीसीसीआई सीनियर महिला और जूनियर पुरुष चयन समितियों के लिए भी आवेदन आमंत्रित करेगा। महिला चयन समिति की अध्यक्ष नीतू डेविड, चयनकर्ता आरती वैद्य और मिथु मुखर्जी अपने कार्यकाल के पांच साल पूरे करने वाली हैं। बोर्ड के नियमों के मुताबिक, कोई भी सदस्य अधिकतम पांच साल तक ही अपने पद पर बने रह सकता है। ऐसे में बदलाव तय माने जा रहे हैं। अगले साल होने वाला महिला विश्व टी20 इस समिति के लिए बेहद अहम सीजन साबित होगा।


