नई दिल्ली: महिला वर्ल्ड कप 2025 का आयोजन भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होना है, जिसमें कुल 8 टीमों को हिस्सा लेना है। लेकिन टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही शेड्यूल में बड़ा बदलाव किया गया है। बेंगलुरू में हुई भगदड़ के बाद आईसीसी ने बेंगलुरू के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में होने वाले मुकाबलों को नवी मुंबई के मैदान पर शिफ्ट करने का फैसला लिया है।
भगदड़ के कारण बेंगलुरू से शिफ्ट किए गए महिला वर्ल्ड कप 2025 के मैच
आईपीएल 2025 का खिताब आरसीबी ने जीता था। जीत की खुशी मनाने के लिए आरसीबी के खिलाड़ी बेंगलुरू के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में जुटे थे, जहां भारी भीड़ के कारण भगदड़ मच गई और कई फैंस की जान चली गई। इसके बाद कर्नाटक सरकार ने एक आयोग का गठन किया, जिसने बेंगलुरू के मैदान को बड़े आयोजनों के लिए असुरक्षित करार दिया। इसी कारण आईसीसी ने महिला वर्ल्ड कप 2025 के मैच बेंगलुरू के मैदान पर न करवाने का फैसला लिया है।
महिला वर्ल्ड कप 2025 के मैच अब नवी मुंबई के मैदान पर होंगे
30 सितंबर को भारत और श्रीलंका के बीच मुकाबला बेंगलुरू के मैदान पर होना था, जिसे अब गुवाहाटी के मैदान पर खेला जाएगा। वहीं, इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका का मुकाबला 3 अक्टूबर को होना था, जो अब गुवाहाटी में होगा। 20 अक्टूबर को श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच मुकाबला कोलंबो में खेला जाना था, जिसे अब नवी मुंबई में कराया जाएगा। इसके अलावा, बेंगलुरू में होने वाले दो मैच अब नवी मुंबई को स्थानांतरित किए गए हैं, जिनमें 23 अक्टूबर को भारत बनाम न्यूजीलैंड और 26 अक्टूबर को भारत बनाम बांग्लादेश के मुकाबले शामिल हैं। संभावना है कि टूर्नामेंट का फाइनल नवी मुंबई या श्रीलंका के कोलंबो में खेला जाएगा।
जय शाह ने महिला वर्ल्ड कप 2025 पर किया बड़ा बयान
आईसीसी के अध्यक्ष जय शाह ने कहा कि नवी मुंबई हाल के वर्षों में महिला क्रिकेट का एक महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभरा है। इंटरनेशनल मैचों और वुमेंस प्रीमियर लीग के दौरान इसे मिले समर्थन ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने कहा, “मुझे यकीन है कि यही ऊर्जा आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप के बड़े मैचों को परिभाषित करेगी, जो 12 साल बाद भारत लौट रहा है।”


